11:06 PM, 28-Aug-2026
कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी कर लौटेंगे आंध्र के 28 तीर्थयात्री
आंध्र प्रदेश के 28 तीर्थयात्री कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी कर शुक्रवार को अपने घर लौटने वाले हैं। यात्रा आयोजित करने वाली एजेंसी के संचालक वेंकटरमण के मुताबिक, समूह 21 अगस्त को नेपाल गया था। बाढ़ प्रभावित इलाके से गुजरते समय वाहन वहां से करीब पांच मिनट पहले निकल चुका था। सभी तीर्थयात्री सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई। समूह नेपाल से दिल्ली पहुंचेगा, जहां से अलग-अलग उड़ानों से विशाखापत्तनम और हैदराबाद के रास्ते अपने घर जाएंगे।
11:04 PM, 28-Aug-2026
नेपाल-तिब्बत में कर्नाटक के 28 लोग फंसे या लापता
कर्नाटक के 28 लोग अचानक आई बाढ़ के बाद नेपाल और तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में फंसे या लापता बताए गए हैं। राज्य सरकार के मुताबिक, इनमें चार लोगों के सुरक्षित होने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि बाकी 24 लोगों की तलाश जारी है। शुक्रवार शाम पांच बजे तक मिली जानकारी के अनुसार, 23 लोग बंगलूरू अर्बन, दो मैसूरु और एक-एक धारवाड़, उडुपी और विजयनगर जिले के हैं। ज्यादातर लोग नेपाल के रसुवा जिले के तिमुरे में बताए जा रहे हैं, जबकि कुछ तिब्बत के दारचेन में हैं। राज्य सरकार विदेश मंत्रालय के संपर्क में है और बचाव प्रयासों की निगरानी कर रही है।
10:05 PM, 28-Aug-2026
चीन से नेपाल पहुंचे 53 भारतीय, 37 महाराष्ट्र के; काठमांडो पहुंचे सभी
चीन से निकलकर 53 भारतीय नागरिक आज दोपहर नेपाल पहुंचे। इनमें महाराष्ट्र के 37 लोग शामिल हैं। सभी भारतीय नागरिक नेपाल की राजधानी काठमांडो पहुंच गए हैं। समूह के नेपाल पहुंचने के बाद उनके सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। यह समूह चीन से नेपाल में दाखिल हुआ और इसके बाद काठमांडो पहुंचा। 53 भारतीयों के इस समूह की तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें सभी लोग एक साथ नजर आ रहे हैं। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, समूह में महाराष्ट्र के नागरिकों की संख्या सबसे अधिक है। सभी 53 भारतीयों के काठमांडो पहुंचने से उनके नेपाल पहुंचने की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
09:08 PM, 28-Aug-2026
भारत ने बाढ़ प्रभावित नेपाल के लिए राहत सामग्री की तीसरी खेप भेजी
भारत ने शुक्रवार को बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित नेपाल के लिए तीसरी खेप के रूप में 10 टन राहत सामग्री, 11 चिकित्सा और पैरामेडिकल कर्मचारियों की टीम और सुरंग में बचाव अभियान का जायजा लेने वाला एक दल भेजा।
EAM Dr S Jaishankar tweets, “A third flight carrying 10 tonnes of humanitarian assistance has departed for Kathmandu.
The assistance includes portable generator sets, dignity kits, food packets and water purification tablets.
An 11-member team of doctors, paramedics & Recce… pic.twitter.com/nmUY0lG3ox
— ANI (@ANI) August 28, 2026
09:05 PM, 28-Aug-2026
तबाही के बीच बढ़ता जा रहा मौत का आंकड़ा
नेपाल में बाढ़ की तबाही के बीच मौतों का आंकड़ा बढ़कर 579 हो गया है, जबकि 1,924 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में 86 सुरक्षा कर्मी, 517 विदेशी पर्यटक और 127 नेपाली यात्री शामिल हैं। बुधवार सुबह रसुवा और नेपाल के आसपास के जिलों में अचानक आई बाढ़ के बाद से इन लोगों का कोई पता नहीं चल पाया है।
06:54 PM, 28-Aug-2026
चीन से 153 भारतीय नागरिक आज नेपाल पहुंचे
नेपाल में आई फ्लैश बाढ़ के बीच भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी के प्रयास जारी हैं। इसके अनुसार, आज चीन से कुल 153 भारतीय नागरिक नेपाल में प्रवेश कर चुके हैं। इन भारतीयों ने चीन से जमीन के रास्ते नेपाल में प्रवेश किया है। बाढ़ के कारण चीन की तरफ फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नेपाल पहुंचने के बाद इन नागरिकों की आगे की सुरक्षित यात्रा की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इस बीच भारतीय अधिकारियों की ओर से नेपाल में फंसे और संपर्क से बाहर भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं।
06:37 PM, 28-Aug-2026
मौतों का आंकड़ा 547 पहुंचा, 977 अब भी लापता
नेपाल में बुधवार को आई भीषण बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 547 हो गई है। नेपाल पुलिस के अनुसार, आठ जिलों से शव बरामद किए गए हैं, जबकि 977 लोग अब भी लापता हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान के बीच भोटेकोशी नदी का जलस्तर और कीचड़ बढ़ने से फिर बाढ़ आने का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने लोगों और बचाव दलों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी है। अब तक 1,545 लोगों को बचाया गया है, जिनमें 84 का काठमांडो के अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
03:20 PM, 28-Aug-2026
बचाव कार्यों की समीक्षा के लिए शी ने बैठक की अध्यक्षता की
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शुक्रवार को सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक का मकसद तिब्बत-नेपाल सीमा पर अचानक आई भीषण बाढ़ से पैदा हुई गंभीर स्थिति का जायजा लेना था। इस बाढ़ में सैकड़ों लोगों की मौत हो गई और कई लोग अभी भी लापता हैं। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक की शुरुआत में शी और अन्य नेताओं ने इस आपदा में मारे गए लोगों के सम्मान में एक पल का मौन रखा।
03:18 PM, 28-Aug-2026
नेपाल में बाढ़ का कहर जारा, अस्थायी मुर्दाघर बनाने की नौबत
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल में भयानक भोटे कोशी बाढ़ में बह गए लोगों के शव नदी के बहाव की दिशा में काफी दूर मिल रहे हैं। इससे मुर्दाघरों में जगह कम पड़ गई है और अधिकारियों को शवों को रखने और उनकी पहचान करने के लिए अस्थायी इंतज़ाम करने पड़ रहे हैं। ‘द काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, रसुवा और नुवाकोट से बहे शव चितवन, तनहुं, नवलपरासी, गोरखा और दूसरे जिलों तक मिले हैं। कई इलाकों के मुर्दाघरों में जगह खत्म हो गई है।
02:34 PM, 28-Aug-2026
सिक्किम सरकार ने मदद पहुंचाने के लिए टास्क फोर्स बनाई
एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि सिक्किम सरकार ने राज्य के उन लोगों को राहत और जरूरी मदद पहुंचाने के लिए एक टास्क फोर्स बनाई है, जो नेपाल में अचानक आई बाढ़ में फंस गए हैं या लापता हो गए हैं। उन्होंने बताया कि सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निदेशक प्रभाकर राय की अध्यक्षता वाली यह टास्क फोर्स, आपदा से प्रभावित राज्य के निवासियों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए केंद्र, नेपाल में भारतीय दूतावास और कई अन्य एजेंसियों के साथ तालमेल बिठाएगी।