• Thu. Nov 19th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

पीटी उषा के IOA चुनाव नामांकन को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती

Byadmin

Nov 19, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय आइस हॉकी संघ (आइएचएआइ) के एक गुट ने पांच दिसंबर को होने वाले चुनावों के लिए मतदाता सूची में भारतीय ओलिंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा को शामिल किए जाने को अमान्य और गैर-कानूनी घोषित करने की मांग करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

गुरप्रीत सिंह बख्शी की अगुवाई वाले गुट ने उषा को आइओए की आमसभा में अपने एक प्रतिनिधि के तौर पर नामित किया। उषा स्पोटर्सपर्सन ऑफ मेरिट (एसओएम) चुनाव हार गई थीं।

वहीं कुंजांग नामग्याल की अगुआई वाले गुट ने उषा के नामांकन का विरोध करते हुए कहा कि वह कभी आइएचएआइ की सदस्य नहीं रहीं। उन्होंने यह भी दावा किया कि बख्शी और महासचिव हरजिंदर सिंह को संघ के अध्यक्ष और महासचिव के तौर पर काम करने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है।

आइओए बख्शी और हरजिंदर गुट वाले आइएचएआइ को मान्यता देता है। खेल मंत्रालय आइस हॉकी में किसी भी महासंघ को मान्यता नहीं देता है।

चुनाव अधिकारी ने दी  क्लीट चिट

आइओए द्वारा नियुक्त चुनाव अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव ने नामग्याल के नेतृत्व वाले गुट की आपत्ति को खारिज कर दिया और उषा के नामांकन को स्वीकार कर लिया।

इससे उन्हें पांच दिसंबर को होने वाले आईओए कार्यकारी परिषद के चुनावों में वोट डालने और उम्मीदवार के तौर पर खड़े होने की अनुमति मिल गई है। इसके खिलाफ नामग्याल गुट ने याचिका दायर करके इस फैसले को अमान्य और गैर कानूनी घोषित करने की मांग की है।

By admin