इमेज स्रोत, Michael Ho Wai Lee/Anadolu via Getty Images
अमेरिका के सैन डिएगो की एक मस्जिद में सोमवार को गोलीबारी हुई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है. पुलिस ने बताया कि मस्जिद के बाहर ही दो किशोर भी एक कार में मृत मिले.
कैलिफ़ोर्निया राज्य के क्लेरमॉन्ट इलाक़े में बना यह इस्लामिक सेंटर सैन डिएगो की सबसे बड़ी मस्जिद है.
इस मामले की जांच हेट क्राइम के एंगल से की जा रही है. पुलिस प्रमुख स्कॉट वॉल ने कहा कि सैन डिएगो इस्लामिक सेंटर में हुई गोलीबारी को ‘नफ़रत से जुड़ा अपराध’ माना जा रहा है और इसमें ‘नफ़रत भरी बातें साफ़ तौर पर शामिल’ थीं.
उन्होंने बताया कि दो संदिग्ध जिनकी उम्र 17 और 19 साल बताई जा रही है, वो पास की एक गाड़ी में मृत मिले.
पुलिस की शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि उन्होंने खुद को गोली मारी.
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस न्यूज़ को बताया, “मैंने क़रीब 30 गोलियों की आवाज़ सुनी. गोलियों की आवाज़ से लगा जैसे ‘सेमी-ऑटोमैटिक हथियार’ से चलाई गई हैं.”
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सैन डिएगो इस्लामिक सेंटर में हुई गोलीबारी को “बहुत ही भयानक” बताया. उन्होंने कहा, “मुझे शुरुआती जानकारी दी गई है लेकिन हम इसे गंभीरता से दोबारा देखेंगे.”