फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर रविवार रात गांव बहक खास के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रही क्रूजर गाड़ी की पिकअप वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं, जबकि नौ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
शादी समारोह से लौट रहा था 13 लोगों का परिवार
मृतकों के रिश्तेदार संदीप सिंह ने बताया कि उनका परिवार जलालाबाद के गांव टिवाना का रहने वाला है। परिवार के करीब 13 सदस्य क्रूजर गाड़ी में सवार होकर फाजिल्का के गांव करनीखेड़ा में अपने चाचा के बेटे की शादी में शामिल होने गए थे। रविवार रात समारोह से वापस लौटते समय गांव बहक खास के पास उनकी गाड़ी की पिकअप से टक्कर हो गई।
टक्कर से क्रूजर गाड़ी के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि क्रूजर गाड़ी का अगला और बीच का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी में सवार कई लोग अंदर ही फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
संदीप सिंह के अनुसार, हादसे में उनके परिवार के दो बच्चों सहित चार लोगों की मौत हुई है। इनमें उनका भतीजा, भतीजी, परिवार की माता और गाड़ी का चालक शामिल हैं। वहीं, शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हुई है, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा नौ लोग घायल हुए हैं।
सड़क सुरक्षा फोर्स ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया और हाईवे पर यातायात को सुचारु करवाया। सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज आत्माराम ने बताया कि घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे की सूचना संबंधित थाने की पुलिस को भी दे दी गई है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी
आत्माराम ने हादसे को बेहद दर्दनाक बताया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में कई लोगों की जान गई है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, सरकारी अस्पताल के सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. एरिक एडिसन ने भी हादसे की पुष्टि की है। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
विधायक जगदीप सिंह गोल्डी मौके पर
जलालाबाद के विधायक जगदीप सिंह गोल्डी कंबोज ने बताया कि यह मामला जलालाबाद के हमारे गांव से जुड़ा है। वहां से एक बरात फाजिल्का के करनी खेड़ा आई थी। वापसी के दौरान टोल प्लाजा के पास एक हादसा हो गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। दो से चार अन्य लोगों को फरीदकोट रेफर किया गया है; बाकी लोगों की हालत स्थिर है। मेरे निर्वाचन क्षेत्र में एक बड़ी त्रासदी हुई है। हम यहां मौजूद हैं, डॉक्टरों की पूरी टीम काम कर रही है और सरकार हर संभव मदद दे रही है। जो लोग गुजर गए हैं, वे तो वापस नहीं आ सकते, लेकिन हम उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। ऐसा लगता है कि यह हादसा एक क्रॉसिंग पर हुआ है, हालांकि अभी पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं है।
#WATCH | Fazilka, Punjab: Jalalabad MLA Jagdeep Singh Goldy Kamboj said, “This is from our village in Jalalabad. A wedding procession from there had come to Karni Khera in Fazilka. While they were returning, an incident occurred near the toll plaza, resulting in five deaths. Two to four other members have been referred to Faridkot; the rest are in stable condition… A major tragedy has occurred in my constituency. We are present here, and a full team of doctors is working; the govt is providing all necessary support. While those who have passed away cannot return, we stand firmly with their families… It appears the accident happened at a crossing, though the exact details are not yet clear…” (15.11)
— ANI (@ANI) November 15, 2026