डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक के मंगलुरु में केएफसी का एक आउटलेट तब जांच के दायरे में आ गया, जब एक ग्राहक की शिकायत के बाद फूड सेफ्टी अधिकारियों ने अचानक वहां जाकर जांच की। ग्राहक ने आरोप लगाया था कि रेस्टोरेंट ने बदबूदार चिकन बेचा था।
एक कस्टमर ने आउटलेट से ऑनलाइन चिकन पेरी-पेरी लेग्स ऑर्डर किया और जब ऑर्डर मिला तो वह बासी और बदबूदार था। इसके बाद ग्राहक ने शिकायत दर्ज की। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने आउटलेट पर छापा मारा और किचन, स्टोर रूम, कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं, डीप फ्रीजर और फ्राइड चिकन स्टॉक की जांच की।
आउटलेट की गोदाम को किया सील
जांच के दौरान अधिकारियों ने गोदाम को सील कर दिया और लैब में जांच के लिए चिकन के सैंपल लिए। अधिकारियों ने कहा कि लैब रिपोर्ट के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कर्नाटक में फूड सेफ्टी की जांच जारी
मंगलुरु के आउटलेट पर यह छापा पूरे कर्नाटक में फूड सेफ्टी विभाग द्वारा की जा रही जांच-पड़ताल के सिलसिले का ही एक हिस्सा है। मैसूर शहर और जिले में फूड सेफ्टी अधिकारियों ने रियो मेरिडियन होटल से 9 किलो एक्सपायर्ड चिकन, ग्रैंड मर्क्योर होटल से 68 किलो मीट और क्यू स्टार होटल से 4 किलो मशरूम जब्त किए। अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे जांच चल रही है।
इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग ने मैसूरु और नंजनगुड तालुका के रिसॉर्ट्स में निरीक्षण अभियान चलाया। कुल तीन रिसॉर्ट्स का निरीक्षण किया गया और तीन नोटिस जारी किए गए। अधिकारियों ने खाने-पीने की चीजों के पांच सैंपल भी लिए, जिनमें दो कानूनी सैंपल और तीन सर्वे सैंपल शामिल थे।
इस अभियान के दौरान एक्सपायर हो चुके और जल्दी खराब होने वाले 16 किलो खाद्य पदार्थों को जब्त करके नष्ट कर दिया गया। ताजा कार्रवाई बेंगलुरु के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में की गई एक और जांच के बाद हुई है जहां अधिकारियों ने बताया कि उन्हें किचन में एक्सपायर हो चुका कच्चा सामान मिला।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कंटेनरों में एक्सपायर हो चुके रवा, आइसिंग शुगर, मैदा और बेकरी प्रोडक्ट्स रखे हुए पाए गए। अधिकारियों को मिक्सचर के चार पैकेट और पानी पुरी के नौ पैकेट भी मिले, जिनकी एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी।