डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। बीजेपी ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में अपने प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं। बदलाव के तहत दिल्ली की कमान पूर्वी दिल्ली से सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई है।
पंजाब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की कमान केवल सिंह ढिल्लों , दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की कमान हर्ष मल्होत्रा, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष की कमान अर्चना गुप्ता और त्रिपुरा प्रदेश अध्यक्ष की कमान अभिषेक देबरॉय को सौंपी है।
हर्ष मल्होत्रा केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी शामिल हैं और उनके पास सड़क परिवहन मंत्रालय में राज्यमंत्री की जिम्मेदारी है। हर्ष मल्होत्रा को अब भाजपा दिल्ली प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वहीं, अर्चना गुप्ता को भाजपा ने हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा का प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
केवल सिंह ढिल्लों की पंजाब की जिम्मेदारी
पंजाब में अगले साल चुनाव होने हैं, चुनाव से पहले बीजेपी के भीतर बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। बीजेपी ने सुनील जाखड़ की जगह पंजाब प्रदेश अध्यक्ष की कमान सरदार केवल सिंह ढिल्लों को सौंप दी है।
पार्टी हाईकमान ने बरनाला के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश भाजपा की कमान सौंप दी है। उनके नाम की घोषणा के साथ ही पंजाब भाजपा में नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी नेतृत्व ने ऐसे समय में यह फैसला लिया है, जब पंजाब में संगठन को नए सिरे से मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में पकड़ बढ़ाने की चुनौती सामने है।
केवल सिंह ढिल्लों बरनाला के तल्लेवाल गांव से संबंध रखते हैं। वह पंजाब के बड़े उद्योगपतियों और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। वह ढिल्लों ग्रुप के प्रमुख हैं और लंबे समय से कारोबार के साथ-साथ राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। ढिल्लों पिछले करीब दो दशकों से पंजाब की राजनीति में सक्रिय हैं।
कांग्रेस टिकट पर वह 2007 और 2012 में बरनाला से विधायक चुने गए थे। वह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपप्रधान भी रह चुके हैं और मालवा क्षेत्र में कांग्रेस का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। जून 2022 में उन्होंने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा ने उन्हें संगरूर लोकसभा उपचुनाव में उम्मीदवार भी बनाया था। फिलहाल वह पंजाब भाजपा की कोर कमेटी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा ने मालवा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और किसान व कारोबारी वर्ग में पकड़ बढ़ाने के लिए केवल सिंह ढिल्लों पर दांव खेला है।