डिजिटल डेस्क, अंटार्कटिका। भारत के अमीर लोगों की पसंद बदल रही है। महंगी कारें, डिजाइनर घड़ियां और ब्रांडेड कपड़े अब अमीरी दिखाने के लिए काफी नहीं हैं। देश के अमीर लोग अब ऐसी जगहों पर लाखों रुपये खर्च कर रहे हैं, जहां पर जाना आम लोगों के लिए नामुमकिन जैसा है।
देश के कुछ लोग जहां अंटार्कटिका के बर्फीले इलाकों को देखने जा रहे हैं, कुछ फिनलैंड के जंगलों में बने प्राइवेट रिट्रीट (निजी आवासों) में अपनी छुट्टियां बिता रहे हैं। वहीं कुछ लोग विदेशों में जाकर बर्फ से ढकी झीलों पर सुपरकारें चला रहे हैं और आसमान में ‘नॉर्दर्न लाइट्स’ का नजारा देख रहे हैं।
अमीरों के बड़े-बड़े शौक
देशी के अमीरों की अमीरी दिखाने का एक नया स्टैंडर्ड सेट हो गया है। कोई व्यक्ति कितना खास और अनोखा अनुभव ले सकता है, इस बात को दिखाने की होड़ लगी है।
ट्रैवल कंपनियों के मुताबिर, कई अमीर परिवार दुनिया की मशहूर जगहों पर पहले ही जा चुके हैं। अब वे ऐसी जगहों की तलाश में हैं, जहां बहुत कम लोग पहुंच पाते हैं और ऐसे अनुभवों की तलाश में हैं जो जीवन भर याद रहें।
अंटार्कटिका के लिए 45 लाख रुपये खर्च
अमीर भारतीयों के बीच अंटार्कटिका तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। वहां की दो हफ्ते की यात्रा पर प्रति व्यक्ति 40 से 45 लाख रुपये तक का खर्च आता है। इन यात्राओं के दौरान, पर्यटक बर्फ से ढके पहाड़, विशाल ग्लेशियर और बर्फीले समुद्र को बहुत करीब से देख सकते हैं।
कुछ लोग पेरू में प्राचीन इंका सभ्यता से जुड़ी जगहों को देखने जा रहे हैं, तो कुछ चिली के अंगूर के बागों (वाइनयार्ड्स) में शेफ के साथ खास भोजन का आनंद ले रहे हैं।
पोर्श (Porsche) और लेम्बोर्गिनी (Lamborghini) जैसी लग्जरी कार कंपनियां ग्राहकों को जमी हुई झीलों और खास तौर पर तैयार किए गए ट्रैकों पर सुपरकार चलाने का मौका दे रही हैं।
दूसरे शब्दों में कहें तो, अब सिर्फ एक महंगी कार खरीद लेना ही लग्जरी नहीं रह गया है। बल्कि ऐसी जगहों पर कार चलाने के रोमांच का अनुभव करना भी अब अमीरी की एक नई पहचान बन गया है।
ट्रैवल कंपनियों का कहना है कि अमीर ग्राहक अब यह नहीं पूछते कि अगली छुट्टियां कहां बिताएं, बल्कि वे यह जानना चाहते हैं कि वे ऐसा कौन सा नया अनुभव ले सकते हैं, जो उन्होंने पहले कभी न किया हो।