जेएनएन, पन्ना। ऑटो चालक सोनू रैकवार की किस्मत उस समय चमक गई, जब खदान में उन्हें 3.17 कैरेट का हीरा मिला। इसे शुक्रवार को हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है।
हीरा पारखी अनुपम सिंह के अनुसार, हीरे की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई है। हीरा कार्यालय में अब तक 175 हीरे जमा हैं, जिनका वजन 387.21 कैरेट और अनुमानित कीमत तीन करोड़ रुपये है। हीरे की अंतिम नीलामी दिसंबर 2024 में हुई थी।
सोनू ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें रात में सोते समय हीरा मिलने के सपने आ रहे थे। जब नींद खुलती तो उन्हें लगता कि काश यह सपना सच हो जाए। उन्होंने यह बात अपने परिवार वालों को बताई।
इसके बाद सोनू ने कार्यालय से पट्टा लिया और पहली बार रानीपुर क्षेत्र में उथली खदान शुरू की। खदान लगाने के महज 15 दिन की मेहनत में ही उन्हें 3.17 कैरेट का हीरा मिल गया।
सोनू का कहना है कि नीलामी से मिलने वाली रकम से वह आगे भी खदान लगाएंगे और बड़े हीरे की तलाश जारी रखेंगे, क्योंकि उन्हें अब भी बड़ा हीरा मिलने के सपने आ रहे हैं।