जेएनएन, रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम रेलवे स्टेशन पर शनिवार को भिंड इंटरसिटी एक्सप्रेस के एस-2 स्लीपर कोच में दो से तीन दिन की बच्ची लावारिस हालत में मिली। जीआरपी एवं आरपीएफ की टीम ने बच्ची को सुरक्षित जिला अस्पताल पहुंचाया।
जीआरपी थाना प्रभारी सोहन पाटीदार ने बताया कि शनिवार शाम सूचना मिली थी कि भिंड इंटरसिटी के एस-2 स्लीपर कोच में एक नवजात शिशु मिला है।
इसके बाद महिला कांस्टेबल की सहायता से उसे स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। प्राथमिक जांच में बच्ची की उम्र दो से तीन दिन बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, भिंड इंटरसिटी शाम 5:25 बजे प्लेटफार्म से रवाना होती है। इससे पहले ही कोई अज्ञात व्यक्ति बच्ची को ट्रेन के कोच में छोड़कर चला गया।
स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बच्ची को छोड़ने वाले की पहचान की जा सके। बच्ची को एमसीएच में उपचार के लिए रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची स्वस्थ है।