• Thu. Nov 19th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

मुरादाबाद:रामपुर पहुंच आजम बोले- 2027 में चुनाव नहीं इंकलाब होगा, देश आजाद है …मगर संविधान कैद – Upon Reaching Rampur, Azam Stated That The 2027 Election Would Not Be An Election, But A Revolution

Byadmin

Nov 19, 2026


डासना जेल से रिहा होने के बाद बुधवार की रात को रामपुर पहुंचे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां ने अपने पुराने तेवर दिखाए। उन्होंने देश की मौजूदा परिस्थितियों, संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब यकीन हो गया है कि देश आजाद है, लेकिन संविधान कैद है। संविधान की आजादी के लिए सबको मिलकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में चुनाव नहीं, इंकलाब होगा। यह लड़ाई धर्म और जाति के नाम पर नहीं, बल्कि मुद्दों पर लड़ी जाएगी। साथ ही साफ किया कि उनका मकसद किसी से बदला लेना नहीं, बल्कि न्याय की लड़ाई लड़ना है।

रामपुर में अपने आवास के बाहर मीडिया से बातचीत में आजम खां ने कहा कि वह संविधान और कानून के लिए पहले भी मरने को तैयार थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि देश में संविधान की रक्षा और उसकी गरिमा बनाए रखने की जरूरत है। संवैधानिक संस्थाओं की साख पर सवाल उठ रहे हैं। आज जिस तरह के कानून बनाए जा रहे हैं, उन पर गंभीरता से विचार होना चाहिए। संस्थाओं को अपना स्तर और विश्वसनीयता बचाकर रखनी चाहिए। उन्होंने इसे एक गुनाहगार की ओर से किया गया निवेदन बताया।

मुद्दों पर होगी लड़ाई, बदले की नहीं

आजम खां ने कहा कि आने वाले समय में लड़ाई धर्म और जाति के नाम पर नहीं होगी। लोग अपने वास्तविक मुद्दों को लेकर आवाज उठाएंगे। 2027 में होने वाले चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि यह केवल चुनाव नहीं, इंकलाब होगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस लड़ाई में बदले की कोई भावना नहीं होगी। न्याय की मांग होगी और किसी से व्यक्तिगत बदला नहीं लिया जाएगा। लोकसभा और विधान परिषद के चुनाव परिणामों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि जिन सीटों पर जीत मिली, वे भी उन्हें बेमानी लगीं। उन्होंने कहा कि वे इंसान हैं और इंसान की तरह सोचते हैं।

मुर्गी चोर से विश्वविद्यालय बनाने तक का तंज

आजम खां ने अपने खिलाफ लगे आरोपों और जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि देश में माफिया का नारा लगाया गया। सवाल उठाया कि क्या वह माफिया हैं। बच्चों के लिए स्कूल और विश्वविद्यालय खोलने वाला भी माफिया हो सकता है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी करने वाला व्यक्ति ईडी का मुल्जिम हो सकता है तो विश्वविद्यालय बनाने वाले को भी निशाना बनाया जा सकता है।

मालवीय और सर सैयद का भी किया जिक्र

आजम खां ने कहा कि यदि महामना मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खां के दौर में ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियां होतीं तो शायद उन्हें भी जेल में होना पड़ता। उन्होंने कहा कि अदालत से मिले न्याय ने उनके जैसे कमजोर लोगों को बल दिया है। बातचीत के अंत में उन्होंने अपने समर्थकों और चाहने वालों के लिए कहा, ‘तुम जियो हजारों साल।’

By admin