• Mon. Nov 9th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

‘मैंने पत्नी से बेवफ़ाई की’: एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग ने मानी कथित चीनी जासूस के साथ अफ़ेयर की बात

Byadmin

Nov 9, 2026


जेन्सेन हुआंग मंच पर बोल रहे हैं

इमेज कैप्शन, जेनसन हुआंग ने विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की और कहा कि वह टेक दिग्गज की सुरक्षा जांच में सहयोग करेंगे

अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी एनवीडिया ने अपने सीईओ जेनसन हुआंग के ख़िलाफ़ स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है. हुआंग का जिस महिला के साथ अफ़ेयर था, उन पर चीनी जासूस होने का आरोप है.

एनवीडिया ने कहा है कि ‘उसके बोर्ड के पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि कंपनी के गोपनीय रहस्यों या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारियों के साथ कोई समझौता हुआ है.’

कंपनी ने यह भी कहा कि उसके सीईओ कंपनी का नेतृत्व जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

इस बीच, जेनसन हुआंग ने अपनी पत्नी से बेवफ़ाई करने की बात स्वीकार की है. उन्होंने अपने बच्चों को पहुंची तकलीफ़ के लिए भी माफ़ी मांगी है.

अमेरिकी अख़बार न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, ख़ुफ़िया अधिकारियों का मानना था कि चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग के जेनसन हुआंग के साथ क़रीबी संबंध थे. अधिकारियों का मानना था कि यह महिला बीजिंग के लिए जासूसी कर रही थीं.

वीडियो कैप्शन, दुनिया में सबसे ज़्यादा सोलर पैनल चीन के पास ही क्यों? जानिए दुनिया जहान में

पिछले सप्ताह अमेरिकी कांग्रेस के सदस्यों ने जेनसन हुआंग को पत्र लिखकर इस कथित संबंध के मद्देनजर उनके सामने पेश होने का अनुरोध किया था.

हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की तीन रिपब्लिकन समितियों के प्रमुखों ने सीईओ से इसी महीने के अंत में पेश होने को कहा है.

उनसे एलिस हुआंग के साथ कथित संबंधों को देखते हुए एनवीडिया के “विदेशी विरोधियों की जासूसी से बचाव के सुरक्षा प्रोटोकॉल” पर चर्चा करने को कहा गया है.

पत्र में कहा गया, “हालिया रिपोर्टें संवेदनशील अमेरिकी तकनीक और जानकारी तक चीन की पहुंच को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी गंभीर चिंताएं पैदा करती हैं.

“इस कांग्रेस के मौजूदा कार्यकाल में चीन की घुसपैठ और अत्याधुनिक अमेरिकी तकनीक तक उसकी पहुंच का मुद्दा हमारी तीनों समितियों के जांच कार्य का एक प्रमुख हिस्सा है.”

एनवीडिया के एआई चिप्स अमेरिका और चीन के बीच प्रतिद्वंद्विता का एक प्रमुख केंद्र रहे हैं. अमेरिका पहले भी इस बात पर नियंत्रण लगा चुका है कि उसके अत्याधुनिक उत्पाद किन देशों में बेचे जा सकते हैं.

एनवीडिया के दूसरे सबसे उन्नत सेमीकंडक्टर एच200 की बिक्री पर पहले अमेरिका ने इस चिंता के चलते प्रतिबंध लगाए थे कि इससे चीन के तकनीकी उद्योग को अमेरिका के मुकाबले बढ़त मिल सकती है.

जनवरी में ट्रंप प्रशासन ने कहा था कि वह कुछ शर्तों के तहत कंपनी को अपने एच200 चिप्स चीनी ग्राहकों को बेचने की अनुमति देगा.

By admin