डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद में आज गुरुवार, 6 अगस्त को भी हंगामा जारी रहा, जिसके चलते संसद की कार्यवाही बार-बार स्थगित होती रही। विपक्ष ने लगातार सदन में अमित शाह की मौजूदगी को लेकर सवाल खड़े किए।
विपक्षी दलों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी की मांग जारी रखी।
सदन में अमित शाह की मौजूदगी पर उठे सवाल
राज्यसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो चेयरमैन ने प्रश्नकाल शुरू करने की कोशिश की, लेकिन विपक्ष के सदस्य नारेबाजी करते रहे। चेयरमैन ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने की अनुमति दी।
खरगे ने सदन में विपक्ष की मांग को दोहराया कि अमित शाह प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर सदन को संबोधित करें और कहा कि विपक्ष चर्चा के लिए तैयार है।
मल्लिकार्जुन खरगे ने बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके सदन में कही अपनी बात को दोहराया। खरगे ने लिखा, ‘हम देश और उसके 140 करोड़ लोगों से जुड़े वाजिब सवाल ही उठाते हैं। हम गृह मंत्री और प्रधानमंत्री से सदन में आने के लिए कह रहे हैं।’
खरगे ने आगे लिखा, ‘हम चेयरमैन से अनुरोध करते हैं कि वे गृह मंत्री को सदन में आकर बयान देने का निर्देश दें। हम इस पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं।’
किरेन रिजिजू ने दिया जवाब
विपक्ष की मांग का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में कहा, ‘विपक्ष के नेता ने किसी नियम का हवाला नहीं दिया, वे चेयरमैन को निर्देश नहीं दे सकते, केवल अनुरोध कर सकते हैं, हुक्म नहीं चला सकते। कांग्रेस के नए सदस्य कुछ नहीं सीख रहे हैं क्योंकि उनका नेतृत्व उन्हें मौका नहीं दे रहा है।’
खरगे और रिजिजू के बीच हुई बहस के बाद, राज्यसभा चेयरमैन ने रिजिजू को निर्देश देते हुए कहा, ‘अब मैं आपसे उनके अनुरोध पर विचार करने का आग्रह करता हूं। खरगे ने सदन में गृह मंत्री की मौजूदगी का अनुरोध किया था। आप उनका प्रतिनिधित्व करते हैं। संसदीय कार्य मंत्री के तौर पर आप गृह मंत्री तक उनकी बात पहुंचा सकते हैं।’
खबरें और भी
विपक्ष के सदस्यों की लगातार नारेबाजी के कारण दिन भर राज्यसभा की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी। सदन की कार्यवाही शुरू होने के 30 मिनट के भीतर ही पहली बार स्थगित कर दी गई।
बाद में इसे पहले दोपहर 2.15 बजे और फिर 3.15 बजे तक के लिए स्थगित किया गया, जिससे सदन का कामकाज बार-बार बाधित होता रहा।
यह भी पढ़ें- ‘अगर मैं प्रधानमंत्री की जगह होता तो सबसे पहले…’, गालियों वाले VIDEO पर क्या बोले सोनम वांगचुक