डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लू और बाढ़ की संभावित स्थितियों से निपटने के लिए देश की तैयारियों की रविवार को व्यापक समीक्षा करेंगे।
आधिकारिक बयान के अनुसार, अमित शाह केंद्रीय एजेंसियों की तैयारियों का आकलन करने, प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों, संसाधनों की तैनाती और अंतर-एजेंसी समन्वय की समीक्षा करने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे, ताकि जानमाल का कोई नुकसान नहीं होने पाए और संपत्ति को न्यूनतम क्षति पहुंचे।
बैठक के दौरान गृह मंत्री उन्नत तकनीक और रियल टाइम डाटा एकीकरण के माध्यम से बाढ़ पूर्वानुमान और प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों को मजबूत करने की स्थिति का आकलन करेंगे। बैठक में विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।