पीटीआई, नई दिल्ली। अनंत अंबानी की पशु कल्याण और संरक्षण संस्था वंतरा ने मेडागास्कर के पर्यावरण एवं सतत विकास मंत्रालय के साथ 10 वर्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता द्वीप राष्ट्र में वन्यजीव संरक्षण और पशु कल्याण प्रयासों को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।
24 नवंबर 2026 को हस्ताक्षरित इस गैर-विशेषाधिकार ज्ञापन (एमओयू) में वंतरा को मेडागास्कर का संरक्षण भागीदार माना गया है।
इस साझेदारी का फोकस विदेश में जब्त किए गए मेडागास्कर के जानवरों को वापस लाना, वन्यजीव बचाव और पुनर्वास, पशु चिकित्सा देखभाल तथा जहां संभव हो, उन्हें जंगल में वापस छोड़ना होगा।
समझौते के तहत वंतरा मेडागास्कर के राष्ट्रीय वन्यजीव बचाव और पुनर्वास केंद्र के विकास में सहायता करेगी। यह केंद्र संरक्षण, अनुसंधान और प्रशिक्षण का हब बनेगा। केंद्र मेडागास्कर गणराज्य की संपत्ति रहेगा और पर्यावरण मंत्रालय के अधीन संचालित होगा।
इस सहयोग में प्रशिक्षण कार्यक्रम, इंटर्नशिप, विशेषज्ञों के आदान-प्रदान और व्यावहारिक अनुसंधान के जरिए स्थानीय विशेषज्ञता बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। वंतरा जानवरों के स्वास्थ्य जांच, बीमारी की स्क्रीनिंग, परिवहन, क्वारंटीन और आने के बाद की देखभाल में भी मदद कर सकती है।
यह समझौता ऐसे समय में हुआ है जब मेडागास्कर की जैव विविधता को लेकर चिंता बढ़ रही है। आईयूसीएन की रेड लिस्ट के अनुसार, मेडागास्कर में पाए जाने वाले 90 प्रतिशत लीमर प्रजातियां विलुप्त होने के खतरे में हैं।
इनमें से लगभग एक-तिहाई को गंभीर रूप से संकटग्रस्त श्रेणी में रखा गया है। देश अवैध वन्यजीव व्यापार और आवास नुकसान जैसी चुनौतियों का भी सामना कर रहा है।