इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, टीवीके ने विधानसभा चुनावों में 108 सीटें जीती हैं
पढ़ने का समय: 2 मिनट
तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके को कांग्रेस के बाद अब कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (सीपीआई) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (मार्क्सवादी) ने भी अपने समर्थन का एलान किया है.
सीपीआई नेता डी राजा ने कहा है कि वो तमिलनाडु में धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाने के लिए टीवीके का समर्थन करेंगे.
ऐसी ख़बरें हैं कि सीपीआई-सीपीएम के अलावा वीसीके भी टीवीके को समर्थन दे सकती है. इस पार्टी ने चुनावों में दो सीटों पर जीत हासिल की है.
234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 108 सीटें जीती थीं और पार्टी बहुमत से चूक गई थी. इसके बाद पांच सीटें जीतने वाली कांग्रेस ने डीएमके से गठबंधन तोड़ते हुए टीवीके को समर्थन का एलान कर दिया था.
अब चुनाव में दो-दो सीटें जीतने वालीं सीपीआई-सीपीएम ने समर्थन का एलान किया है. विधानसभा चुनावों में 108 सीटें जीतने वाली टीवीके के पास अब तीन पार्टियों के नौ विधायकों का समर्थन मिल गया है.
सीपीआई ने समर्थन का किया एलान
सीपीआई नेता डी राजा ने पार्टी के फ़ैसले की जानकारी पत्रकारों को दी है.
उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी की तमिलनाडु यूनिट ने राष्ट्रीय नेतृत्व की सलाह पर फ़ैसला किया है कि हम टीवीके का समर्थन करेंगे.”
“हमने राज्यपाल से भी राज्य में सबसे बड़े दल के नेता को सरकार बनाने के लिए निमंत्रण देने की गुज़ारिश की है.”
राज्यपाल की ओर से नहीं मिला न्योता
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कांग्रेस की मांग है कि विजय को सरकार बनाने का न्योता मिलना चाहिए
दूसरी ओर विजय की टीवीके को सरकार बनाने के लिए राज्यपाल की ओर से आमंत्रित न किए जाने को लेकर भी विवाद है.
ऐसी रिपोर्ट्स हैं कि विजय शुक्रवार शाम को राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मिलने जा रहे हैं.
वहीं दिन में तमिलनाडु कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार और राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर के ख़िलाफ़ राजधानी चेन्नई में विरोध प्रदर्शन किया था.
कांग्रेस की मांग है कि विजय को सरकार बनाने का न्योता मिलना चाहिए.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.