डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली में है। इस भारत दौरे के दौरान पाकिस्तानी मंत्री की इच्छा है कि ताजमहल और निजामुद्दीन दरगाह की यात्रा भी करें। सरकार की ओर से मंजूरी मिलने के बाद ही उन्हें इस यात्रा करने की इजाजत होगी।
जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में भाग लेने के लिए 20 से 22 नवंबर तक भारत में ही रहेंगे। इस दौरान वो कई सत्र में भाग लेंगे। राजधानी के ऐतिहासिक पुराना किला में चल रही एससीओ की बैठक में भाग लेने के लिए कई देशों के मेहमान आए हैं।
सरकार से लेनी होती है इजाजत
दूसरे देशों के मेहमानों को ‘सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम’ (सभ्यता संवाद मंच) के इतर किसी भी कार्यक्रम में जाने के लिए भारत सरकार की इजाजत लेनी होती है। सरकार से अनुमति मिलने के बाद ही विदेशी मेहमान किसी आंतरिक दौरे पर जा सकते हैं। सुरक्षा संबंधी चीजों का जायजा लेने के बाद ही सरकार इसकी अनुमति देती है।
ताजमहल और निजामुद्दीन दरगाह जाने की मांगी थी इजाजत
सूत्रों ने एनडीटीपी को बताया है कि पाकिस्तानी मंत्री ने आगरा में ताजमहल और राजधानी में निजामुद्दीन दरगाह जाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन भारत सरकार ने एससीओ बैठक के अलावा किसी अन्य कार्यक्रम के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया।