इमेज कैप्शन, शनिवार को सीयूईटी-यूजी 2026 की परीक्षा आयोजित की गई थी (प्रतीकात्मक फ़ोटो)
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 4 मिनट
कॉलेज में दाख़िले के लिए होने वाली सीयूईटी-यूजी 2026 परीक्षा शनिवार को कुछ सेंटर्स पर देर से शुरू होने के बाद विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं.
उधर, परीक्षा आयोजित करने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने बताया है कि कुछ तकनीकी दिक्कतों की वजह से परीक्षा में देरी हुई, जिसका समाधान कर दिया गया है.
एनटीए ने कहा, “एग्ज़ाम देरी से शुरू होने की वजह से स्टूडेंट्स को एक्स्ट्रा टाइम भी दिया जाएगा.”
राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल समेत कई विपक्षी नेताओं ने परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक कथित सेंटर का वीडियो पोस्ट करते हुए एक्स पर लिखा, “देश को एक शिक्षित प्रधानमंत्री की ज़रूरत है.”
ग़ौरतलब है कि इससे पहले तीन मई को हुई नीट की परीक्षा को लीक की शिकायतों के बाद रद्द कर दिया गया था. अब दोबारा नीट परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी.
इसे लेकर विपक्षी दलों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की काफ़ी आलोचना की और उनके इस्तीफ़े की मांग की.
अभी यह मुद्दा शांत भी नहीं हुआ था कि सीयूईटी की परीक्षा में देरी का मामला सामने आया है. इस परीक्षा को भी एनटीए ही आयोजित करता है.
एनटीए ने क्या बताया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ही सीयूईटी की परीक्षा आयोजित करती है (प्रतीकात्मक फ़ोटो)
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “टीसीएस ने बताया कि उनकी तरफ़ से तकनीकी दिक़्क़त आई थी, जिसकी वजह से सीयूईटी-यूजी 2026 के कुछ सेंटरों पर शनिवार को देर से शुरू हुई. अब समस्या का समाधान हो गया है और परीक्षा में जितनी देर हुई है, उतना ही अतिरिक्त समय दिया जा रहा है, ताकि सभी छात्रों को बराबर मौक़ा मिले.”
एनटीए ने बताया, “दोपहर की परीक्षा का नया समय है- रिपोर्टिंग या एंट्री टाइम दोपहर 2:30 बजे और परीक्षा शुरू होने का समय 4:00 बजे.”
एनटीए ने आगे लिखा, “हम छात्रों और अभिभावकों को हुई परेशानी के लिए ईमानदारी से खेद जताते हैं.”
एनटीए ने मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर (+91-11-40759000) और ईमेल ([email protected]) जारी किया है.
विपक्ष ने घेरा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने परीक्षाओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था तबाह करने के आरोप लगाए हैं.
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, “नीट, सीबीएसई और आज सीयूईटी. चार परीक्षाएँ. एक करोड़ बच्चे. एक भी ईमानदारी से नहीं हो पाई. दावे ‘विश्वगुरु’ के, मगर देश में एक परीक्षा नहीं करवा सकते. मोदी जी ने पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह कर दी है. जिस पीढ़ी का भविष्य आप बर्बाद कर रहे हैं, वही पीढ़ी आपका हिसाब करेगी.”
इस मामले पर दिल्ली की पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी की टिप्पणी भी आई है.
आतिशी ने एक्स पर लिखा, “पहले नीट, फिर सीबीएसई, अब सीयूईटी… आज सीयूईटी ‘तकनीकी समस्या’ की वजह से देरी से शुरू हुई.”
उन्होंने परीक्षा में देरी के लिए जारी किया गया नोटिस साझा करते हुए लिखा, “लाखों छात्रों को पूरे भारत में आज परीक्षा देनी थी और घंटों इंतज़ार करने के बाद सभी सेंटरों के बाहर नोटिस लगाए गए हैं.”
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में एक वीडियो साझा किया और लिखा, “वाराणसी में सीयूईटी एग्ज़ाम सेंटर की तस्वीरें हैं. स्टूडेंट्स को बताया जा रहा है कि सर्वर काम नहीं कर रहा है.”
उस वीडियो में दावा किया गया है, “शीतला इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी है, जो उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के लोहता में सीयूईटी 2026 का केंद्र है. यहां परीक्षा सुबह 9:00 बजे शुरू होकर 10:00 बजे समाप्त होनी थी, लेकिन अभी 10:50 हो चुके हैं और हमें सूचना मिली है कि परीक्षा अभी तक शुरू नहीं हुई है.”
इससे पहले दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नीट परीक्षा लीक को लेकर सरकार पर निशाना साधा था.
केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश में कहा, “नीट में पेपर लीक रोकने के लिए वायुसेना के विमानों का इस्तेमाल किया जाएगा. क्या इससे पेपर लीक रुक जाएगा? हमारी सरकार अनपढ़ों जैसी बातें कैसे कर सकती है?”
“उनकी पेपर लीक रोकने की कोई मंशा नहीं है. देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह माफिया के चंगुल में फंसी हुई है. अगर इसे ठीक करना है तो सभी को मिलकर काम करना होगा. कोई एक व्यक्ति अकेले कुछ नहीं कर सकता.”
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.