डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आम लोगों के लिए सोना-चांदी खरीदना अब और महंगा हो गया है। वित्त मंत्रालय ने एक नई अधिसूचना जारी कर सोने और चांदी पर बेसिक कस्टम ड्यूटी को बढ़ाकर 10 प्रतिशत कर दिया है। इसके अलावा इन पर पांच प्रतिशत का कृषि अवसंरचना और विकास उपकर (AIDC) भी लगेगा।
इस फैसले के बाद सोने-चांदी पर प्रभावी आयात शुल्क 6 प्रतिशत से सीधे 15 प्रतिशत हो गया है। यह बढ़ोतरी केवल कच्चे सोने और चांदी तक ही सीमित नहीं है, बल्कि ज्वेलरी बनाने वाले छोटे पुर्जों (फाइंडिंग्स) और प्लैटिनम पर भी ड्यूटी में संशोधन किया गया है। नतीजतन, आभूषण उद्योग की पूरी उत्पादन लागत बढ़ जाएगी और बाजार में सोने-चांदी के गहनों की कीमतें बढ़ने की संभावना है।