• Tue. Nov 10th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

‘स्वयंसेवक ही हैं आरएसएस की पहचान’:भागवत ने सुनाया किस्सा, मुस्लिम शख्स ने किया था संघ पर प्रतिबंध का विरोध – Mohan-bhagwat-swayamsevak-rss-identity-pracharak-selfless-service-recounts-anecdote-muslim-man-opposed-ban

Byadmin

Nov 9, 2026


नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि स्वयंसेवक ही संघ की पहचान हैं और संघ की स्थापना के 100 साल बाद भी यह पहचान बनी हुई है। सोमवार को नागपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के नवीनीकृत मुख्यालय में नवनिर्मित सभागार का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने संघ के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक किस्सा भी सुनाया।

भागवत ने बताया, ”1930 के दशक में सेंट्रल प्रोविंस की विधानसभा में संघ पर पहली बार प्रतिबंध लगाने की कोशिश की गई थी। उस समय संघ का बचाव करने के लिए कोई स्वयंसेवक मौजूद नहीं था। संघ की विचारधारा का समर्थन करने वाला भी कोई नहीं था। ऐसे में इब्राहिम नाम के एक व्यक्ति ने संघ के समर्थन में आवाज उठाई थी।”

मुस्लिम शख्स ने किया था संघ पर प्रतिबंध का विरोध

भागवत के अनुसार, इब्राहिम ने कहा था कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए और वह सांप्रदायिक संगठन नहीं है। उन्होंने यह भी कहा था कि हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र कहने वालों को मानसिक अस्पताल भेज देना चाहिए, लेकिन वह डॉ. हेडगेवार को जानते हैं और वे अच्छे व्यक्ति हैं। इसलिए संघ को सांप्रदायिक नहीं कहा जा सकता।

संघ प्रमुख ने कहा कि उस समय संगठन की स्थापना को कुछ ही साल हुए थे। संघ बहुत प्रसिद्ध नहीं था, लेकिन डॉ. हेडगेवार को सभी जानते थे। उन्होंने कहा कि संघ की शुरुआत के साथ ही स्वयंसेवक उसकी पहचान बन गए थे और आज भी 100 साल बाद यही स्थिति है।

प्रचारकों का जीवन निस्वार्थ समर्पण का उदाहरण

भागवत ने प्रचारकों के जीवन पर लिखी जा रही एक पुस्तक का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे लोगों के जीवन के बारे में कृतज्ञता और स्नेह के कारण लिखा जा रहा है, न कि किसी भौतिक लाभ के लिए। उन्होंने कहा कि किसी प्रचारक ने कभी ऐसी अपेक्षा नहीं की और न ही भविष्य में करेगा, क्योंकि उसे इससे कोई भौतिक लाभ नहीं मिलता। एक प्रचारक के लिए संघ ही सब कुछ होता है। उसके लिए संघ के अलावा कुछ और नहीं होता।

भागवत ने कहा कि ऐसे लोगों के प्रति स्वाभाविक रूप से श्रद्धा और सम्मान का भाव पैदा होता है। उन्होंने प्रचारकों के समर्पण और निष्ठा का जिक्र करते हुए कहा कि इसे शब्दों में पूरी तरह लिख पाना संभव नहीं है। इसे अनुभव के जरिए ही महसूस किया जा सकता है। जो लोग उनके सीधे संपर्क में रहे हैं, वही इसे बेहतर तरीके से समझ सकते हैं।

समाज के लिए अच्छा करना ही स्वयंसेवक का उद्देश्य

मोहन भागवत ने स्वयंसेवक के जीवन को धारा के विपरीत तैरने जैसा बताया। उन्होंने कहा कि यह सिद्धांतों पर आधारित जीवन है, जिसमें स्वार्थ, अहंकार और निजी अपेक्षाओं के लिए कोई जगह नहीं होती।

उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक के मन में केवल यही विचार रहता है कि वह समाज के लिए कितना अच्छा कर सकता है। भागवत ने यह भी स्वीकार किया कि हर स्वयंसेवक इस आदर्श पर पूरी तरह खरा नहीं उतरता। सभी के काम करने के स्तर और तरीके में अंतर हो सकता है, लेकिन सबकी दिशा एक ही रहती है।

By admin