डिजिटल डेस्क, हैदराबाद । तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मियापुर इलाके में मानसिक रूप से परेशान 25 वर्षीय पूर्व महिला तकनीशियन ने शनिवार को एक मंदिर के तालाब में कूदकर अपनी जान दे दी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़िता (मृतक महिला) और उसकी मां दोनों गंभीर मानसिक तनाव व भय से पीड़ित थीं। पीड़िता के माता-पिता के बीच वैवाहिक विवादों के कारण, पिता विशाखापत्तनम में रहते हैं। वहीं पीड़िता और उसकी मां हैदराबाद के पीरजादिगुडा में रह रही थी।
क्या है पूरा मामला?
17 जुलाई को वह और उसकी मां शहर के मियापुर में एक डबल बेडरूम अपार्टमेंट खरीदने के इरादे से देखने गए थे। घर लौटने के बाद वे अलग-अलग कमरों में सोए। बाद में मृत महिला ने अपनी मां के कमरे को बंद कर दिया और नग्न अवस्था में पास के ही एक मंदिर पहुंच गई और वहां स्थित तालाब में कूदकर जान दे दी।
पुलिस ने तालाब से निकाला शव
पुलिस को शनिवार सुबह घटना की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तालाब से शव बरामद किया। पोस्टमार्टम के बाद शव महिला की मां को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला के पिता को घटना की जानकारी दे दी गई है। मामले की जांच जारी है।
केंद्र सरकार की आधिकारिक वेबसाइट: https://telemanas.mohfw.gov.in/home
डॉक्टरी सलाह लेने के लिए टोल फ्री नंबर पर डायल करें: 18008914416
मानसिक स्वास्थ्य सहायता और संसाधनों तक पहुंचने के लिए टेली मानसिक वेबसाइट (https://telemanas.mohfw.gov.in/home) से एप भी डाउनलोड कर सकते हैं।