• Mon. Oct 12th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

‘2029 में थलापति होंगे पीएम’, चेन्नई में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सीएम विजय के समर्थकों ने लहराए पोस्टर

Byadmin

Oct 12, 2026


डिजिटल डेस्क, चेन्नई। रविवार को चेन्नई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के दौरान उस समय हलचल मची, जब कुछ लोगों ने भीड़ में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को अगला प्रधानमंत्री बताते हुए पोस्टर दिखाए।

यह सबकुछ मद्रास कैंपस में हुई, जहां प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु में लगभग 13, 000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सीएम विजय भी मंच पर ही मौजूद थे।

‘अगले पीएम विजय 2029’

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अपने संबोधन के दौरान जब पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री विजय का नाम लिया, तो वहां मौजूद उनके समर्थकों के एक समूह ने सीटियां बजाईं और हाथ से लिखे हुए पोस्टर हवा में लहराए। इन पोस्टरों पर विजय की तस्वीरें छपी थीं और साथ ही ‘अगले पीएम विजय 2029’ जैसे नारे लिखे हुए थे।

पोस्टर लहराए जाने के बाद स्थिति को संभालते हुए वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया तथा उन समर्थकों को नीचे बैठकर पोस्टर हटाने के निर्देश दिए। शुरुआत में तो उन लोगों ने पुलिस की बात मान ली, लेकिन जैसे ही पुलिसकर्मी वहां से हटे, वे दोबारा वीडियो कैमरों की ओर इशारा करते हुए अपने पोस्टर लहराने लगे।

चेन्नई मेट्रो का हुआ उद्घाटन

यह राजनीतिक घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अप्रैल में हुए विधानसभा चुनावों के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली तमिलनाडु यात्रा थी, जिसमें सीएम विजय की पार्टी टीवीके ने सत्ता हासिल की थी। बुनियादी ढांचे की कई प्रमुख परियोजनाओं के उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने एक साथ मंच साझा किया।

दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से चेन्नई मेट्रो की एक नई सेवा को हरी झंडी दिखाई और ट्रेन में सफर करते हुए उसका जायजा भी लिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूनमल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन किया, जिसे लगभग 4,900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। लगभग 15 किलोमीटर लंबे इस नए हिस्से में कुल 11 एक्सीलेरेटेड और एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं।

इसके अलावा, चेन्नई पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की मनाली स्थित रिफाइनरी, हाईवे प्रोजेक्ट्स, अमृत रेलवे स्टेशनों और बंदरगाह से जुड़ी पहलों का भी उद्घाटन व शिलान्यास किया गया।

‘सरकारें बदलेगी लेकिन संकल्प नहीं’

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि राजनीतिक बदलाव के बावजूद तमिलनाडु के विकास को लेकर उनकी प्रतिबद्धता पूरी तरह अटूट है। उन्होंने कहा, सरकारें बदल सकती हैं, लेकिन तमिलनाडु के विकास और वहां के लोगों की सेवा करने का मेरा संकल्प हमेशा एक जैसा रहेगा। इसी सोच के साथ हम मुख्यमंत्री विजय के साथ मिलकर राज्य को आगे बढ़ा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने सहकारी संघवाद की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि देश की असली प्रगति राज्यों के विकास पर टिकी हुई है।

विजय ने रखी अपनी मांगे

वहीं, सीएम विजय ने अपने संबोधन में कहा कि जनहित योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच तालमेल और सहयोग बेहद आवश्यक है। सीएम ने केंद्र सरकार के समक्ष कुछ प्रमुख मांगें भी रखीं, जिनमें समग्र शिक्षा अभियान के तहत 5,110 करोड़ रुपये की बकाया राशि बिना किसी शर्त के तुरंत जारी करना शामिल है।

उन्होंने मद्रास हाईकोर्ट में तमिल भाषा को आधिकारिक रूप से मुख्य भाषा बनाने, चेन्नई मेट्रो के तीसरे चरण को मंजूरी देने, कोयंबटूर व मदुरै के मेट्रो प्रस्तावों पर पुनर्विचार करने तथा होसुर को बेंगलुरु से जोड़ने वाली अंतर-राज्यीय मेट्रो लाइन को हरी झंडी दिखाने का आग्रह किया।

पीएम मोदी ने तमिल संस्कृति की प्रशंसा की

अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी ने प्राचीन तमिल साहित्य और संस्कृति की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने प्रसिद्ध तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल का विशेष उल्लेख करते हुए इसे मानव जीवन के लिए एक मार्गदर्शक बताया।

पीएम ने यह भी याद किया कि कैसे उन्होंने इस ग्रंथ का रूसी संस्करण रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को उपहारस्वरूप भेंट किया था। इसके अलावा, उन्होंने राष्ट्रीय कवि महाकवि भारती को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी कविता अचमिल्लई की प्रासंगिकता को आज के समय में भी बेहद सटीक बताया।

By admin