• Thu. Oct 29th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

8 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ दूध, 1 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें; कर्नाटक कैबिनेट ने दी मंजूरी

Byadmin

Oct 29, 2026


डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक कैबिनेट ने गुरुवार को दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। यह नई दरें 1 नवंबर से लागू होंगी। कर्नाटक में किसानों की ओर से बढ़ती लागत के बीच बेहतर रिटर्न की मांग की जा रही थी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।

किसानों द्वारा लगातार दूध की कीमत बढ़ाने की मांग की जा रही थी और दुग्ध उत्पादकों ने खरीद मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था। हालांकि, किसानों ने सरकार से 10 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का आग्रह किया था।

मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने बताया कि बढ़ी हुई राशि में से 7 रुपये किसानों को मिलेंगे और 1 रुपया दुग्ध संघों को जाएगा।

42 रुपये प्रति लीटर होगी कीमत

कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने कहा, किसानों के सामने आए संकट को देखते हुए, विधान परिषद के सभी दलों के सदस्यों ने उनकी मदद के लिए कदम उठाने की मांग की थी। किसान अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरकर विरोध कर रहे थे। वहीं सहकारी समितियों ने भी कीमतों में बढ़ोतरी के लिए जोर दिया था।

उन्होंने बताया कि कैबिनेट ने इस मुद्दे पर दो-तीन बार चर्चा की और फिर सर्वसम्मति से यह फैसला लिया।

उन्होंने कहा कि, कैबिनेट ने दूध उत्पादक किसानों को मिलने वाली कीमत में 7 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इसके अलावा, सहकारी समितियों को 1 रुपये प्रति लीटर की अतिरिक्त राशि मिलेगा। इस तरह 8 रुपये प्रति लीटर की कुल बढ़ोतरी की गई है।

किसानों ने की थी 10 रुपये प्रति लीटर की मांग

मंत्री गौड़ा ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान, सहकारी समितियों ने सीएम, पशुपालन मंत्री और सहकारिता मंत्री से मुलाकात की थी। समितियों की मांग थी कि प्रति लीटर 10 रुपये की बढ़ोतरी की जाए। उन्होंने कहा कि लेकिन प्रति लीटर 10 रुपये की बढ़ोतरी करना संभव नहीं है। ऐसे में कैबिनेट में चर्चा के बाद हमने 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है।

किसानों को मिलेगा फायदा

गौड़ा ने बताया कि अभी किसानों को लगभग 35 रुपये प्रति लीटर मिलते हैं, इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से 5 रुपये प्रति लीटर की प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। 1 नवंबर से किसानों को मिलने वाली कीमत बढ़कर 42 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी, जबकि सरकारी प्रोत्साहन भी मिलता रहेगा।

उन्होंने कहा, इसका मतलब है कि सरकारी प्रोत्साहन मिलाकर किसानों को कुल 47 रुपये प्रति लीटर मिलेंगे। इससे खेती करने वाले लाखों परिवारों को फायदा होगा।

By admin