• Thu. May 7th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

Bengal Violence:शुभेंदु के करीबी की हत्या पर तृणमूल का हमला, चुनाव के बाद हिंसा को लेकर सीबीआई जांच की मांग – Tmc First Reaction On Murder Of Suvendu Adhikari Pa Demands Cbi Inquiry Into West Bengal Post-poll Violence

Byadmin

May 7, 2026


मध्यग्राम में शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद सियासत तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तृणमूल कांग्रेस सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर अपने बयान में कहा कि मध्यग्राम में चंद्रनाथ रथ की “निर्मम हत्या” की वह कड़ी निंदा करती है।

पार्टी ने दावा किया कि पिछले तीन दिनों में पोस्ट-पोल हिंसा की घटनाओं में तीन अन्य तृणमूल कार्यकर्ताओं की भी हत्या हुई है, जिनके पीछे भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों का हाथ बताया गया है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि ये घटनाएं तब हो रही हैं जब आदर्श आचार संहिता लागू है, जो कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।

टीएमसी ने की सीबीआई जांच की मांग

तृणमूल ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण की कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए, ताकि दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके। पार्टी ने अपने बयान में कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं की कोई जगह नहीं है और दोषियों को जल्द से जल्द जवाबदेह ठहराना जरूरी है।

चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम में बुधवार रात भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पीएसओ चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उनकी कार का पीछा करने के बाद दोहारिया इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग की। स्थानीय सूत्रों के अनुसार चार राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से तीन गोलियां चंद्रनाथ के सिर में लगीं।

शुभेंदु समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता पहुंचे अस्पताल

गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। भाजपा के सीएम पद के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांता मजूमदार समेत कई वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंच चुके हैं।

अन्य वीडियो

By admin