• Sat. May 30th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

CUET-UG में तकनीकी गड़बड़ी से मचा हड़कंप, हजारों छात्रों को दोबारा मिलेगा परीक्षा का मौका

Byadmin

May 30, 2026


जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। एनटीए के अंदर खामी किस तरह व्याप्त है इसका नजारा शनिवार को फिर दिखा। नीट-यूजी के पेपर लीक व सीबीएसई के ओएसएम के जरिए कराए गए मूल्यांकन में गड़बड़ियों का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था, कि शनिवार को विश्वविद्यालयों के स्नातक कोर्सों में प्रवेश से जुड़ी परीक्षा सीयूईटी की गड़बड़ियों का एक नया मामला सामने आ गया।

इसके चलते छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। यह स्थित तब पैदा हुई, जब सीयूईटी-यूजी की 30 मई को नौ बजे से होने वाली परीक्षा तकनीकी गड़बड़ियों के चलते समय पर शुरू नहीं पायी। बाद में लंबी मशक्कत के बाद परीक्षा को दो से ढाई घंटे की देरी से कराया गया है।

इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर भारी अफरा-तफरी का माहौल रहा। इस बीच एनटीए ने तकनीकी गड़बड़ियों के चलते परीक्षा समय से शुरू न हो पाने को लेकर अभिभावकों व छात्रों से खेद जताया है। साथ ही कहा है कि जिन छात्रों ने बायोमैट्रिक कराया था और उसके बाद भी किन्हीं कारणों से पूरी परीक्षा नहीं दे पाए, उन्हें परीक्षा का एक और मौका दिया जाएगा।

परीक्षा के दौरान आई तकनीकी दिक्कतें

जल्द इसे लेकर परीक्षा की तारीखें घोषित की जाएगी। एनटीए के मुताबिक 30 मई को 73,106 छात्र परीक्षा के लिए अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे थे और इन्होंने अपना बायोमैट्रिक रजिस्ट्रेशन भी पूरा किया है। इनमें से 69341 छात्र यानी करीब 95 प्रतिशत छात्रों ने अपनी सुबह पाली की परीक्षा को पूरा किया है।

परीक्षा के दौरान आयी तकनीकी दिक्कतों के चलते हो रही देरी के चलते 3765 छात्रों ने प्रतीक्षा नहीं की और चले गए थे। हालांकि इन सभी ने अपना बायोमैट्रिक रजिस्ट्रेशन पूरा किया था। ऐसे में पहली पाली के इन छात्रों को परीक्षा का एक और मौका दिया जाएगा। इनकी परीक्षा की तारीखें जल्द घोषित की जाएगी।

इस बीच 30 मई की पहली पाली की परीक्षा देर से शुरू होने के चलते एनटीए ने दूसरी पाली की परीक्षा को तीन बजे की जगह चार बजे से कराया है। अभिभावकों व छात्रों को इसकी जानकारी मैसेज व परीक्षा केंद्र पर दी गई। एनटीए का दावा है कि दूसरी पाली की परीक्षा चार बजे से तय समय पर ही शुरू हो गई थी।

वहीं परीक्षा में आयी गड़बड़ी को लेकर परीक्षा कराने वाली एजेंसी टीसीएस भी आगे आयी और गड़बड़ियों की जानकारी साझा की।टीसीएस के सीईओ व एमडी के कृतिवासन ने कहा कि कुछ तकनीकी दिक्कत के चलते सीयूईटी-यूजी की सुबह शिफ्ट की परीक्षा करीब दो घंटे की देरी से शुरू हो पायी है, लेकिन हमारी तकनीकी टीम ने इस गड़बड़ी को तुरंत ठीक कर लिया है। हम परीक्षा को एनटीए के साथ मिलकर ठीक ढंग से कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

राहुल गांधी ने उठाए सवाल, कहा- एक भी परीक्षा ईमानदारी से नहीं

सीयूईटी-यूजी में गड़बड़ी सामने आने के बाद कांग्रेस नेता व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा है और कहा कि नीट, सीबीएसई और एसएससी के बाद अब सीयूईटी में भी गड़बड़ी हुई है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि ‘ चार परीक्षाएँ। एक करोड़ बच्चे। एक भी ईमानदारी से नहीं हो पाई। दावे विश्वगुरु के, मगर देश में एक परीक्षा नहीं करवा सकते – मोदी जी ने पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह कर दी है। जिस पीढ़ी का भविष्य आप बर्बाद कर रहे हैं – “वही पीढ़ी आपका हिसाब करेगी।”

By admin