• Wed. Sep 30th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

NIA की बड़ी कार्रवाई, जेएमबी की आतंकी साजिश का भंडाफोड़; तीन राज्यों से 13 गिरफ्तार

Byadmin

Sep 30, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एनआईए ने मंगलवार को प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) की शाखा से जुड़े आतंकी साजिश मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया। असम, पश्चिम बंगाल और केरल के 16 स्थानों पर छापेमारी के बाद ये गिरफ्तारियां हुईं।

इनमें से 8 लोगों को असम से, 4 को पश्चिम बंगाल से और 1 को केरल से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, पेन ड्राइव और मेमोरी कार्ड जैसे डिजिटल उपकरण जब्त किए गए।

यह मामला 28 दिसंबर 2025 को असम पुलिस द्वारा असम, पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के विभिन्न जिलों से 11 आरोपियों की गिरफ्तारी से शुरू हुआ था।

30 दिसंबर 2025 को 35 आरोपियों के खिलाफ दर्ज इस मामले में बांग्लादेश स्थित हैंडलरों द्वारा पूर्वा आकाश टेलीग्राम ग्रुप के जरिए ऑनलाइन रेडिकलाइजेशन का नेटवर्क चलाया जा रहा था। इन 11 आरोपियों के खिलाफ 25 जून को चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और वे न्यायिक हिरासत में हैं।

एनआईए ने जांच में पाया कि आरोपी इमाम महमूदर काफिला (आईएमके) नामक जेएमबी की शाखा की साजिश में सक्रिय रूप से शामिल थे। इसका उद्देश्य पश्चिम बंगाल और उत्तर-पूर्वी राज्यों में आतंकी विचारधारा का विस्तार करना था। जेएमबी के वरिष्ठ सदस्य इमाम महमूद हबीबुल्लाह ने आईएमके की स्थापना की थी।

आरोपी गुप्त बैठकें, धार्मिक कट्टरता के कार्यक्रम, उग्रवादी साहित्य का प्रसार और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भारत-विरोधी प्रचार कर रहे थे। मामले में 10 आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनमें 9 बांग्लादेशी और 1 भारतीय शामिल हैं। जांच जारी है।

By admin