• Sat. Aug 8th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

Prayagraj:आज पूर्वांचल के युवाओं को साधेंगे राहुल, राजस्थान-उत्तराखंड के बाद संगम नगरी में ‘छात्रों की गूंज’ – Up: Rahul Gandhi To Reach Out To The Youth Of Purvanchal From Prayagraj Today

Byadmin

Aug 8, 2026


लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज से पूर्वांचल के युवाओं को साधेंगे। साथ ही यूपी में चुनावी शंखनाद भी करेंगे। वह केपी इंटर कॉलेज मैदान पर शाम को दो घंटे छात्रों से संवाद करेंगे। प्रयागराज प्रतियोगी छात्रों का शहर है।

राजस्थान व उत्तराखंड के बाद राहुल गांधी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ के सफल समापन के साथ संगम को मथने लिए कांग्रेस ने प्रयागराज को चुना है। कांग्रेस के कई बड़े नेता पहुंच चुके हैं। शनिवार को यूपी के तकरीबन 25 जिलों के शहर व जिला अध्यक्ष समेत कांग्रेस के प्रदेश में सभी छह सांसद व कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।

राहुल गांधी शाम 6:30 से 8:30 बजे तक केपी इंटर कॉलेज मैदान पर छात्रों से सीध संवाद करेंगे। वह नीट के साथ आरओ/आरआरओ व अन्य भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक जैसे मुद्दे के साथ भर्ती परीक्षाओं में हो रही देरी, भर्तियों में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी पर बात करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दो लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं।

राहुल छात्र संवाद में शामिल होने से पहले अपने पैतृक आवास स्वराज भवन पहुंचेंगे। वहां तकरीबन ढाई घंटे वह रहेंगे। इस दौरान पार्टी के सांसद, विधायक और प्रदेश प्रभारी, सहप्रभारियों एवं वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव से संबंधित तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श भी करेंगे।

प्रयागराज में बसता है युवा पूर्वांचल

तकरीबन दो लाख छात्र प्रयागराज की विभिन्न डेलीगेसियों व हॉस्टल में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। इनमें आधे से अधिक युवा पूर्वांचल के रहने वाले हैं। वहीं, देश को कई प्रधानमंत्री दे चुका इलाहाबाद विश्वविद्यालय भी हमेशा से राजनीति के केंद्र में रहा है। साथ ही यहां मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान जैसे संस्थान भी हैं, जहां देश भर से युवा पढ़ने आते हैं।

पॉप सिंगर लश्करी व एमसी अल्ताफ करेंगे शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत सांगीतिक प्रस्तुति से होगी। जेन-जी की पसंद को ध्यान में रखते सांगीतिक प्रस्तुति के लिए प्रख्यात पॉप सिंगर लश्करी व एमसी अल्ताफ को बुलाया गया है। कार्यक्रम में किसी भी तरह का राजनीतिक भाषण नहीं होगा।

By admin