तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी को शनिवार को सोनारपुर दौरे के दौरान स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। अभिषेक बनर्जी के चुनाव के बाद हिंसा के पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए आए थे।
अभिषेक बनर्जी ने क्या कहा?
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, यह सब भाजपा प्रायोजित है। देखिए इन्होंने क्या किया है। यही इनकी लोकतंत्र की मिसाल है। अभी एक महीना भी नहीं हुआ है और पुलिस कहीं नजर नहीं आ रही है।

उन्होंने आगे कहा, वे मुझे मारना चाहते थे। पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। हम इस मामले की जानकारी निश्चित रूप से हाईकोर्ट को देंगे। हम राज्यपाल को भी इसके बारे में अवगत कराएंगे। मैं इस मामले को लेकर जरूर अदालत जाऊंगा।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 25 दिन बाद यह अभिषेक बनर्जी का पहला सार्वजनिक कार्यक्रम था। वह सोनारपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर 9 स्थित विवेकानंदनगर इलाके में चुनाव बाद हिंसा के कथित पीड़ित संजू कर्माकर के परिवार से मिलने पहुंचे थे। उनके इस दौरे की घोषणा शुक्रवार रात को की गई थी।