• Tue. Aug 18th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

अमित मालवीय ने नए भाजपा आईटी सेल प्रमुख को दी बधाई, दीपक म्हस्के बोले- नहीं चलेगा प्रोपेगेंडा

Byadmin

Aug 17, 2026


जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पिछले 11 सालों से भाजपा की सोशल मीडिया की कमान संभाल रहे अमित मालवीय की जगह भाजपा की नई टीम में शिक्षाविद् और इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड बोर्ड के पूर्व सदस्य दीपक म्हस्के को यह जिम्मेदारी दी गई है।

नीट-पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर जेन-जी आंदोलन के दौरान इंटरनेट मीडिया पर नैरेटिव की लड़ाई में पिछड़ने के कारण मालवीय निशाने पर थे। मालवीय ने नवनियुक्त आईटी सेल के प्रमुख म्हस्के को बधाई भी दी।

सोशल मीडिया के अनुसार, मालवीय की जगह लेने वाले म्हस्के के प्रोफाइल पर नजर डालें तो वर्ष 1968 में जन्मे म्हस्के छत्तीसगढ़ में केमिस्ट्री के प्रोफेसर रह चुके हैं। करियर की शुरुआत उन्होंने इसी पेशे से की थी। इसके बाद वे खेती-बाड़ी के क्षेत्र में आ गए। उन्हें बागवानी और ऑर्गेनिक खेती का तीन दशक से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने कुछ समय के लिए सड़क निर्माण के क्षेत्र में भी काम किया है।

म्हस्के छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीजीएमएससी) के अध्यक्ष हैं। उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त है और वह भाजपा की छत्तीसगढ़ इकाई के स्थायी आमंत्रित सदस्य भी हैं। वह इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (ईआइएल) के स्वतंत्र निदेशक के रूप में भी काम कर चुके हैं।

ईआईएल सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है, जो इंजीनियरिंग परामर्श और परियोजना प्रबंधन के लिए जाना जाता है तथा मुख्य रूप से तेल एवं गैस और पेट्रोकेमिकल उद्योगों पर केंद्रित है।

सबसे बड़ी बात यह है म्हस्के की डाटा इकट्ठा करने और उसके विश्लेषण में खास दिलचस्पी है, खासकर चुनावी डाटा और सरकारी लाभार्थी योजनाओं के डाटा में। वह ऐसे टेक्नोक्रेट हैं जिन्हें भाजपा प्रशासक के तौर पर पेश करती है।

मालवीय ने दीपक म्हस्के को दी बधाई

पीटीआई के अनुसार, मालवीय ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा- ‘नई नियुक्तियां ऐसे महत्वपूर्ण समय में हुई हैं, जब पार्टी नई ऊंचाइयों को छूने और अपने संदेश एवं संगठन को देश के हर कोने तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।

मैं विशेष रूप से दीपक म्हस्के को बधाई देना चाहता हूं, जो भाजपा के सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख के रूप में मेरी जगह कार्यभार संभालेंगे। साथ ही, सह-संयोजक प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को भी मेरी शुभकामनाएं।’

मालवीय ने कहा कि पिछले एक दशक के दौरान उन्हें इन सभी के साथ करीब से काम करने का अवसर मिला और उन्हें विश्वास है कि नए नेतृत्व में भाजपा का डिजिटल संचार नयी ऊंचाइयां हासिल करेगा तथा दृढ़ता, रचनात्मकता और स्पष्टता के साथ भारत के जन विमर्श को प्रभावित करता रहेगा।

भाजपा की प्राथमिकताएं एकदम स्पष्ट हैं- जनसेवा के लिए चुनाव जीतना: म्हस्के

अपनी नियुक्ति के बाद मीडिया से बातचीत में म्हस्के ने कहा कि हमारी पूरी टीम सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हुए पूरे दिल से इस दिशा में काम करेगी। उन्होंने कहा कि अतीत की तरह भविष्य में भी प्रोपेगेंडा (दुष्प्रचार) सामने आता रहेगा, हालांकि सच छिप नहीं सकता।

उन्होंने कहा कि प्रोपेगेंडा से कुछ समय के लिए माहौल तो बन सकता है, लेकिन अगर हम लंबे समय तक सही जवाब देते रहें तो लोगों की गलतफहमियां दूर हो जाएंगी और भाजपा निश्चित रूप से उस दिशा में आगे बढ़ेगी।

इसे भी पढ़ें: नितिन की ‘नवीन’ टीम: UP और ‘मिशन 2029’ के लिए BJP ने दबाया रीसेट बटन

 

 

By admin