• Sat. May 16th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

आंध्र प्रदेश में तीसरे बच्चे पर 30 हजार और चौथे पर 40000 देगी सरकार, जन्म दर बढ़ाने के लिए फैसला

Byadmin

May 16, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आबादी कम होने के चलते लोकसभा में सीटें घटने की आशंका के बीच आंध्र प्रदेश की सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को तीसरे बच्चे के जन्म पर 30 हजार रुपये और चौथे बच्चे के जन्म पर 40 हजार रुपये के प्रोत्साहन राशि की घोषणा की।

यह कदम राज्य में तेजी से घटती प्रजनन दर को रोकने के प्रयासों के तहत उठाया गया है।परिसीमन को लेकर दक्षिण के राज्यों को इस बात की आशंका है कि उत्तर भारत के मुकाबले उनकी आबादी कम होने के चलते लोकसभा में उनकी सीटें कम हो सकती हैं।

कितने रुपये मिलेंगे?

ऐसे में इस तरह की पहल करने वाला आंध्र प्रदेश दक्षिण का पहला राज्य है। श्रीकाकुलम जिले के नरसन्नापेटा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि सरकार ने यह निर्णय लिया है और एक महीने के भीतर इसके बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा, “मैंने एक नया निर्णय लिया है। हम तीसरे बच्चे के जन्म के तुरंत बाद 30,000 रुपये और चौथे बच्चे के जन्म पर 40,000 रुपये देंगे। क्या यह सही निर्णय नहीं है।” हालांकि, उन्होंने एक समय जनसंख्या नियंत्रण उपायों का समर्थन किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय आया गया है कि समाज जन्मदर बढ़ाने के लिए मिलकर काम करे। नायडू इससे पहले दूसरे बच्चे के जन्म पर 25 हजार रुपये का प्रोत्साहन देने की घोषणा कर चुके हैं। पांच मार्च को मुख्यमंत्री ने विधानसभा को सूचित किया था कि राज्य सरकार दूसरे बच्चे के जन्म पर 25 हजार रुपये का प्रोत्साहन देने विचार कर रही है।

मुख्यमंत्री ने किस बात पर दिया जोर?

नायडू के अनुसार, कुछ दंपती आय बढ़ने के कारण केवल एक ही संतान पसंद कर रहे हैं, जबकि अन्य दंपती दूसरी संतान तभी चाहते हैं, जब उनका पहला बच्चा लड़का न हो। उन्होंने आगाह किया कि इसके परिणामस्वरूप जनसंख्या वृद्धि दर घट रही है।

जनसंख्या तभी स्थिर रहती है, जब औसत प्रजनन दर 2.1 हो। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि कई देशों में घटती आबादी ने उनकी अर्थव्यवस्थाओं पर प्रतिकूल असर डाला है। बच्चों को बोझ मानने की धारणा को खारिज करते हुए नायडू ने कहा कि वे संपत्ति हैं।

By admin