• Sun. Aug 23rd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

आम जनता के लिए आ रही है ‘अमृत भारत 3.0’, वंदे भारत जैसे होंगे एसी कोच; सुविधाएं देख रह जाएंगे दंग

Byadmin

Aug 23, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय रेलवे आम आदमी की यात्रा को और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। अमृत भारत एक्सप्रेस में जल्द ही एयर-कंडिशन्ड (एसी) कोच शामिल किए जाएंगे। अमृत भारत 3.0 एक्सप्रेस इस वित्तीय वर्ष में लॉन्च होने की उम्मीद है।

अब तक अमृत भारत एक्सप्रेस नॉन-एसी लंबी दूरी की पैसेंजर ट्रेन थी, जिसमें जनरल और स्लीपर क्लास कोच होते थे। ये ट्रेनें तेज रफ्तार और वंदे भारत जैसी आधुनिक सुविधाओं के साथ सस्ती यात्रा का वादा करती हैं। 2023 में शुरू हुई इन ट्रेनों की संख्या अब 60 से ज्यादा हो चुकी है। स्लीपर क्लास का किराया करीब 1,000 किलोमीटर के लिए 500 रुपये के आसपास रखा गया है, ताकि आम लोगों के लिए किफायती रहे। मांग इतनी है कि स्लीपर क्लास की औसत ऑक्यूपेंसी 100 प्रतिशत से ऊपर है।

अमृत भारत 3.0 में एसी फर्स्ट, एसी 2-टियर और एसी 3-टियर कोच जोड़े जाएंगे। कुल 14 रेक का ऑर्डर दिया जा चुका है। ये कोच वंदे भारत स्लीपर और राजधानी एक्सप्रेस जैसी कई सुविधाओं से लैस होंगे, जिससे यात्रियों को प्रीमियम अनुभव मिलेगा।

अमृत भारत ट्रेनों की खासियतें

  • दोनों सिरों पर लोकोमोटिव (पुश-पुल तकनीक) से तेज स्पीड (अधिकतम 130 किमी/घंटा), तेज एक्सीलरेशन और कम यात्रा समय
  • फोल्डेबल स्नैक टेबल, बेहतर सीटें और बर्थ
  • मोबाइल होल्डर, यूएसबी-ए और यूएसबी-सी चार्जिंग पोर्ट
  • पब्लिक एड्रेस और पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम
  • सेमी-ऑटोमैटिक कपलर से झटके-रहित सवारी
  • आधुनिक टॉयलेट (भारतीय और वेस्टर्न स्टाइल) ऑटोमैटिक साबुन डिस्पेंसर और ओडर कंट्रोल सिस्टम के साथ
  • एयर स्प्रिंग सस्पेंशन, क्रैशवर्दी फीचर्स और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था

रेलवे विशेषज्ञों का कहना है कि AC यात्रा की मांग तेजी से बढ़ रही है। पूर्व आईसीएफ जीएम सुधांशु मणि का मानना है कि भारत को धीरे-धीरे ज्यादातर ट्रेनों को AC बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, ताकि आम आदमी की यात्रा सही मायने में अपग्रेड हो।

By admin