इमेज स्रोत, Iranian Presidency/Anadolu via Getty Images
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने दावा किया है कि उन्होंने सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई से मुलाक़ात की है.
राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने यह बात ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज़ स्ट्रेट में हुई नौसैनिक झड़प से एक घंटा पहले कही.
दरअसल, पेज़ेश्कियान ने गुरुवार को तेहरान के उद्योग मंत्रालय में व्यापारियों और मार्केट प्रतिनिधियों के साथ एक अनौपचारिक बैठक की. इसमें उन्होंने कहा, “इस मुलाक़ात में जो बात मुझे सबसे ज़्यादा महसूस हुई, वह थी सुप्रीम लीडर का सामना करने का तरीका, उनका नज़रिया और उनका विनम्र व्यवहार.”
पेज़ेश्कियान और मोजतबा की मुलाक़ात की कोई फ़ोटो या वीडियो अभी तक जारी नहीं हुए हैं. हालांकि, पेज़ेश्कियान का कहना है कि दोनों के बीच ढाई घंटे तक बातचीत हुई.
गौरतलब है कि अमेरिका और इसराइल की बमबारी में ईरान के सुप्रीम लीडर अली ख़ामेनेई की मौत के कुछ दिन बाद ही उनके बेटे मोजतबा ख़ामेनेई को सर्वोच्च नेता घोषित कर दिया था.
सुप्रीम लीडर बनने के बाद मोजतबा ख़ामेनेई का कोई ऑडियो या वीडियो जारी नहीं हुआ है, ईरानी मीडिया ने सिर्फ़ उनके लिखित संदेश प्रकाशित किए हैं. कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि हमले में वे घायल भी हुए थे.