• Wed. Nov 25th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

कैबिनेट में अहम फैसले:पीएम मोदी बोले- भारत निर्माण हब बनेगा, किन क्षेत्रों में हजारों करोड़ की योजनाएं मंजूर? – Key Decisions In Cabinet Pm Modi Says Become Manufacturing Hub Which Sectors Received Billion Rupee Projects

Byadmin

Nov 25, 2026


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में देश के विकास से जुड़े तीन बड़े फैसले लिए गए। सरकार ने निर्माण और बुनियादी ढांचे से जुड़े उपकरण बनाने के लिए 11 हजार करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इसके अलावा तमिलनाडु के कामराजार बंदरगाह पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल बनाने और असम के सिलचर स्थित डोलू में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने का फैसला लिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने इन फैसलों को भारत की आर्थिक मजबूती और विकास के लिए अहम बताया।

11 हजार करोड़ से बढ़ेगी देश की ताकत

केंद्र सरकार ने निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11 हजार करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इसका मकसद भारत को इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना और दुनिया के बड़े विनिर्माण केंद्रों में शामिल करना है। इस योजना के तहत देश में ही निर्माण उपकरणों और उनके कलपुर्जों का उत्पादन करने वाली कंपनियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। साथ ही उपकरणों की जांच के लिए आधुनिक टेस्टिंग सेंटर भी बनाया जाएगा। इससे भारतीय कंपनियों को बेहतर तकनीक विकसित करने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने में मदद मिलेगी।

कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल

तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है। इस परियोजना पर 4,288 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तैयार होने के बाद बंदरगाह की क्षमता हर साल 20 लाख टीईयू (ट्वेंटी फुट इक्विवेलेंट यूनिट) बढ़ जाएगी। इससे दुनिया के बड़े कंटेनर जहाज सीधे यहां पहुंच सकेंगे। अभी कई बार सामान को दूसरे देशों के बंदरगाहों के जरिए भेजना पड़ता है। नया टर्मिनल बनने से इस निर्भरता में कमी आएगी और सामान के आयात-निर्यात पर आने वाला खर्च भी घटेगा।

दक्षिण भारत के कारोबार को मिलेगा फायदा

इस परियोजना से दक्षिण भारत के उद्योगों को खास फायदा होने की उम्मीद है। ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और इंजीनियरिंग क्षेत्र की कंपनियों के लिए सामान विदेश भेजना आसान होगा। इससे निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह फैसला भारत की समुद्री ताकत बढ़ाने के साथ-साथ दुनिया के बड़े जहाजों को संभालने की क्षमता विकसित करने में मदद करेगा।

असम के सिलचर में बनेगा नया एयरपोर्ट

कैबिनेट ने असम के सिलचर स्थित डोलू में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के लिए 2,014 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। यह एयरपोर्ट बड़े विमानों को उतारने और उड़ान भरने की सुविधा से लैस होगा। यहां एक आधुनिक टर्मिनल भी बनाया जाएगा, जो व्यस्त समय में बड़ी संख्या में यात्रियों को संभाल सकेगा।

ये भी पढ़ें: इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन:  दो दशक की खींचतान खत्म करने की पहल, एक मंच पर आएंगे इंटक के गुट; भावी रणनीति क्या?

बराक घाटी के विकास को मिलेगी नई उड़ान

नया एयरपोर्ट बनने से दक्षिणी असम और आसपास के राज्यों में हवाई सफर आसान होगा। इससे व्यापार, चाय उद्योग और खेती से जुड़े कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही पर्यटन और निवेश के नए रास्ते खुलेंगे। स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि डोलू एयरपोर्ट बनने से बराक घाटी के विकास को नई ऊंचाई मिलेगी। सरकार को उम्मीद है कि इन तीनों परियोजनाओं से देश के उद्योग, व्यापार और परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

By admin