इमेज स्रोत, Thomas Fuller/SOPA Images/LightRocket via Getty Images
इटली ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म फे़सबुक की पैरेंट कंपनी मेटा पर क़रीब 8,400 करोड़ रुपये का जु़र्माना लगाया है.
यह कार्रवाई एंड्रॉयड यूज़र्स की तस्वीरों तक बिना उनकी साफ़ सहमति के पहुंच बनाने के मामले में की गई है.
इटली के डेटा प्रोटेक्शन अथॉरिटी के मुताबिक़, फ़ेसबुक ऐप के एक फ़ीचर के ज़रिए मेटा यूज़र्स की तस्वीरें और वीडियो देख सकती थी.
नियामक का कहना है कि मेटा ने क़रीब दो करोड़ यूज़र्स को इस बारे में ठीक से जानकारी नहीं दी थी.
इस फ़ीचर की मदद से फ़ेसबुक यूज़र्स के फ़ोन की गैलरी में मौजूद तस्वीरों और वीडियो के आधार पर पोस्ट के सुझाव देता है.
फ़ेसबुक ने यूज़र्स से एक बार ही ऐप के ज़रिए उनकी पूरी फ़ोटो गैलरी तक पहुंचने की अनुमति मांगी थी.
लेकिन इस दौरान यह साफ़ नहीं बताया गया था कि इस अनुमति से फ़ेसबुक उनकी तस्वीरों के आधार पर पोस्ट के सुझाव भी दे सकेगा.
इटली के नियामक ने मेटा को 60 दिनों का समय दिया है. उसे इस फ़ीचर को अपने आप चालू होने से रोकना होगा और यूज़र्स से अलग से अनुमति लेनी होगी.
नियामक ने कहा कि इस मामले में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं. यह समस्या उन लोगों के लिए अब भी बनी हुई है जिन्होंने ऐप अपडेट नहीं किया है या पहले ही इस फ़ीचर को इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी है.