{“_id”:”6afa548b2a3e1b3a7b03320e”,”slug”:”chhath-mahaparv-waterless-fast-concludes-arghya-to-rising-sun-bihar-deo-temple-delhi-and-world-chhath-photos-2026-11-16″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”छठ महापर्व: उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा, अनुष्ठान के बाद अब प्रसाद”,”category”:{“title”:”India News”,”title_hn”:”देश”,”slug”:”india-news”}}

छठ महापर्व पर व्रतियों और श्रद्धालुओं के साथ राजनीतिक हस्तियों ने भी दिए अर्घ्य
– फोटो : एएनआई
विस्तार
लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाले श्रद्धालु आज उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के बाद अपना अनुष्ठान पूरा किया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी समेत तमाम जलाशयों में स्वच्छता के साथ-साथ सभी जरूरी बंदोबस्त किए गए। खुद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस चार दिवसीय महापर्व में शामिल हुईं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार की राजधानी पटना में व्रत किया। आज उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सभी व्रतियों ने अपना निर्जला व्रत समाप्त किया। छठ के लिए बनाए गए घाटों पर प्रसाद का वितरण भी किया गया।
श्रद्धालु संजय झील पर छठ पूजा अनुष्ठान करते हुए।
लोकआस्था का महापर्व, विदेश में भी उत्साह
बिहार की संस्कृति से खास तौर पर जुड़े सूर्य उपासना का चार विशेष अनुष्ठान और महापर्व छठ अब विदेश में भी पूरी आस्था के साथ मनाया जा रहा है। विदेश से आई तस्वीरों में भी भारतवंशियों के साथ-साथ सूर्य की उपासना करने वाले श्रद्धालुओं को छठ मनाते देखा गया।

आम लोगों के अलावा सियासी हस्तियों के बीच भी आस्था
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार की राजधानी पटना से इतर छठ महापर्व मनाया। उन्होंने मुंगेर में उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी राज्य के जशपुर में छठ महापर्व में भाग लिया।इसके अलावा भाजपा सांसद रवि किशन ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में छठ महापर्व मनाया।
कई देशों में पूरी भव्यता के साथ बिखर रही छठ की छटा
लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ की व्यापकता भारत में तो बढ़ ही रही है, इसकी छटा सात समंदर पार कई देशों में भी पूरी भव्यता के साथ बिखर रही है। नेपाल की राजधानी काठमांडो से लेकर अमेरिका और लंदन तक प्रवासी भारतीयों ने सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए पूरे विधि-विधान के साथ इस महापर्व को मनाया। काठमांडो में बागमती नदी के पावन तट और विभिन्न कृत्रिम घाटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। पारंपरिक परिधानों में सजे व्रतियों ने डूबते व उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। दुबई में बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीयों ने पाम जुमेराह के खुले समुद्र तट पर पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।

बंगाल, ओडिशा से मुंबई तक उत्साह, अभिनेता सोनू सूद क्या बोले?
पश्चिम बंगाल, ओडिशा में भी छठ व्रतियों के बीच श्रद्धा और आस्था के साथ-साथ विशेष उत्साह देखा गया। मुंबई में अभिनेता सोनू सूद भी छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं के बीच देखे गए। इसके अलावा अयोध्या में सरयू नदी के किनारे बने घाटों पर भी उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया गया। दिल्ली में यमुना किनारे किए गए बंदोबस्त के बीच धुंध और प्रदूषण वाले स्मॉग से उत्साह कमजोर नहीं हुआ। सूर्योदय का समय होने पर श्रद्धालुओं ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। इससे पहले इस महापर्व के तीसरे दिन दिल्ली के तमाम जलाशयों में श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर यानी डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया।

मुंबई के कुर्ला में श्रद्धालुओं ने कृत्रिम तालाब पर छठ पूजा की रस्में निभाईं।