इमेज स्रोत, Congress
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 5 मिनट
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा.
उन्होंने आरोप लगाया कि सीटों की संख्या 850 हुई तो भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को ब्लैंक चेक मिल जाएगा.
साथ ही उन्होंने सभी विपक्षी दलों से इस मुद्दे पर एकजुट होकर इसका विरोध करने की अपील की. इस दौरान पत्रकारों ने राहुल गांधी से एनसीपी-एसपी के नेता शरद पवार के स्टैंड को लेकर भी सवाल किया.
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अब लोकसभा की 850 सीटें करने का नया प्रस्ताव लेकर आए हैं.
उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र के लिए ख़तरा बताते हुए कहा कि इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था कमज़ोर होगी. राहुल ने दावा किया कि जेन-ज़ी का मानना है कि देश में वोट चोरी हो रही है और युवा उनके साथ हैं.
‘बीजेपी देश का राजनीतिक नक़्शा बदलना चाहती है’
इमेज स्रोत, ANI
राहुल गांधी का कहना है कि केंद्र सरकार कह रही है कि लोकसभा में 543 सदस्यों की जगह 850 सदस्य होने चाहिए, इसके लिए वह महिला आरक्षण का तर्क दे रहे हैं.
राहुल गांधी ने कहा, “ऐसा करके उनके पास भारत के मानचित्र में बड़े राजनीतिक बदलाव करने का मौका होगा. जैसे कोई कोरे कैनवास पर जैसे चाहे वैसे पेंटिंग कर सकता है. ठीक वैसे ही एक बड़ी संसदीय सीटों वाले देश में वे अपने हिसाब से ज़्यादा राजनीतिक बदलाव ला सकते हैं.”
“उनके पास मौका होगा कि वे जिस तरह चाहे भारतीय लोकतंत्र को रीड्रॉ करके ध्वस्त करें.”
उन्होंने कहा कि इस तरह से क्षेत्रों को रीमैप किया जाएगा, जिसमें वे अपने मुताबिक़ इलाकों और लोगों का चुनाव करेंगे.
राहुल गांधी ने कहा, “यह कहा जा रहा है कि हर राज्य को समान अनुपात में 50 फ़ीसदी बढ़ी हुई सीटें मिलेंगी. यह मुद्दा ही नहीं है क्योंकि जब सरकार को 850 सीटें बढ़ाकर एक ब्लैंकचेक मिल जाएगा तो वे जैसा मन चाहेंगे, लोकतंत्र में वैसा बदलाव करेंगे.”
दरअसल, अप्रैल में सरकार ने जो प्रस्ताव संसद में पेश किया था, उसमें संसद की सीटें बढ़ाकर 850 सीटें किए जाने का प्रस्ताव था जो पारित होने में विफल रहा.
विपक्षी नेताओं से राहुल गांधी की अपील
राहुल गांधी ने इंडिया गठबंधन और विपक्षी एनडीए गठबंधन के प्रमुख नेताओं से अपील करते करते हुए कहा कि लोकतंत्र की इस लड़ाई में सबको साथ आना होगा.
पत्रकारों ने राहुल गांधी से जब सवाल किया कि इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेता शरद पवार की गठबंधन के अंदर क्या स्थिति बदल जाएगी क्योंकि उनकी पार्टी एनसीपी इस विधेयक के लिए केंद्र सरकार का समर्थन करने का संकेत दे चुकी है?
इस पर राहुल गांधी बोले, “भले शरद पवार इस बिल का समर्थन कर दें मगर इंडिया ब्लॉक में उनकी पोजीशन चेंज नहीं होगी.”
इमेज स्रोत, AICC/ANI Photo
अपने संबोधन में बार-बार वे जेन-ज़ी को संबोधित कर रहे थे और उन्होंने कहा, “मैं साफ़-साफ़ कहता हूं कि आज लोग डरपोक हो गए हैं. जो डरते हैं वो भाग जाते हैं, जो नहीं डरते वो खड़े रहते हैं और मैंने देखा है कि जेन-ज़ी डरता नहीं है इसलिए मैं उनपर भरोसा करता हूं.”
उन्होंने आगे कहा कि ये मामला हर स्टेट के बराबर प्रतिनिधित्व, सीटों को फ़्रीज करने या महिला आरक्षण से जुड़ा नहीं है. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का तो हम समर्थन कर चुके हैं और यह 543 सीटों के आधार पर पहले ही पास हो चुका है, हमारी मांग है कि सरकार इसे तुरंत लागू करे.
राहुल ने कहा कि यह मामला सरकार को 850 सीटें देने जैसे ब्लैंक चेक से जुड़ा है.
वह बोले, “मैं सभी नेताओं को, चाहे वो हमसे अलाइन्ड हों या न हों.. यह समझाना चाहता हूं कि वो इस मुद्दे को समझें.”
राहुल ने आगे कहा, “मैं जगन मोहन जी, चंद्रबाबू नायडू जी से कह रहा हूं कि हिन्दुस्तान के लोकतंत्र की हत्या हो रही है, जाग जाइए प्लीज़.”
ज्ञानेश कुमार पर भी बोले राहुल गांधी
राहुल गांधी ने दावा किया है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को घेर लिया है.
उन्होंने कहा कि इन नेताओं को भी इसकी जानकारी है और उनके पास भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बारे में पर्याप्त जानकारी है, जिसे जल्द सार्वजनिक किया जाएगा.
वहीं, परिसीमन आयोग को लेकर राहुल गांधी ने उसकी प्रस्तावित संरचना पर सवाल उठाए.
उन्होंने दावा किया कि आयोग में एक पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज का चयन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह करेंगे, जबकि तीसरे सदस्य की नियुक्ति मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार करेंगे.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया से सरकार को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने में सीधा नियंत्रण मिल सकता है.
इंडिया ब्लॉक की आज हुई थी बैठक
इमेज स्रोत, X/@INCIndia
इससे पहले इंडिया ब्लॉक के नेताओं की शनिवार को राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नई दिल्ली स्थित आवास पर बैठक हुई.
इसके बाद परिसीमन की प्रस्तावित प्रक्रिया को लेकर इंडिया ब्लॉक ने केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं.
विपक्षी दलों ने लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या बरकरार रखने, वर्तमान सीटों के आधार पर ही महिलाओं को आरक्षण देने और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा आवंटन बनाए रखने की मांग की है.
बैठक के बाद कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर विपक्ष की तीनों मांगों को स्पष्ट किया.
कांग्रेस ने पोस्ट में कहा कि परिसीमन विधेयक पर बैठक में विस्तार से चर्चा हुई और विपक्ष की इन मांगों पर सहमति बनी है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.