• Wed. May 6th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

तमिलनाडु में विजय को मिलेगा ‘हाथ’ का साथ, TVK के साथ नई सरकार बनाने की तैयारी में कांग्रेस

Byadmin

May 6, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तमिलनाडु में कांग्रेस ने सरकार बनाने के लिए TVK नेता विजय का समर्थन करने का फैसला किया है। TVK का समर्थन करने का यह फैसला मंगलवार देर रात तमिलनाडु कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की एक आपात बैठक में लिया गया।

पीटीआई के अनुसार, पार्टी के तमिलनाडु मामलों के AICC प्रभारी गिरीश चोडनकर ने TVK को समर्थन देने पर फैसला करने के लिए समिति की यह बैठक बुलाई थी। सूत्रों ने बताया कि यह बैठक Zoom पर आयोजित की गई थी और वरिष्ठ सदस्यों ने अभिनेता से राजनेता बने विजय का समर्थन करने के पक्ष में अपने विचार बताए।

कांग्रेस की PAC ने लिया फैसला

इसके साथ ही सूत्रों ने पुष्टि की कि तमिलनाडु कांग्रेस की PAC ने तमिलनाडु में एक धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाने के लिए TVK नेता विजय का समर्थन करने का सर्वसम्मति से फैसला किया। इससे पहले, कांग्रेस ने दावा किया था कि विजय ने राज्य में सरकार बनाने के लिए उसका समर्थन मांगा है और बताया कि उसके नेतृत्व ने राज्य इकाई को इस मामले पर अंतिम फैसला लेने का निर्देश दिया है, जिसमें राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखा जाएगा।

WhatsApp Image 2026-05-05 at 10.38.05

कांग्रेस पार्टी के अन्य नेताओं की माने तो उन्होंने कहा, “सरकार बनाने के लिए DMK के साथ गठबंधन में विधानसभा चुनाव जरूर लड़ा गया था, लेकिन दक्षिणी राज्य में एक धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए है और उससे भी जरूरी किसी भी तरह से BJP और उसके प्रतिनिधियों को तमिलनाडु की सरकार नहीं चलाने देने के लिए यह कदम उठाया गया है।”

खबरें और भी

कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने भी की बैठक

इसके साथ ही कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने मंगलवार शाम को पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर एक बैठक की, जिसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडनकर सहित अन्य नेता शामिल हुए। बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए, कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने दक्षिणी राज्य में चुनाव के बाद के परिदृश्य पर चर्चा की।

उन्होंने कहा, “TVK अध्यक्ष विजय ने तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से समर्थन का अनुरोध किया है। इसको लेकर INC का रुख स्पष्ट है कि, तमिलनाडु में जनादेश एक धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए है, जो संविधान की मूल भावना और उसके हर पहलू की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। INC इस बात पर दृढ़ है कि किसी भी तरह से BJP और उसके प्रतिनिधियों को तमिलनाडु की सरकार नहीं चलाने दिया जाएगा।”

वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने TNCC को निर्देश दिया है कि, वह विजय के अनुरोध पर अंतिम फैसला लें, और ऐसा करते समय चुनावी नतीजों में राज्य की जनता की भावनाओं को ध्यान में रखे। बता दें कि, विजय की पार्टी TVK ने 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा में 108 सीटें जीतीं, जो बहुमत के आंकड़े से कम थीं। साधारण बहुमत से सरकार बनाने के लिए उन्हें 10 विधायकों के समर्थन की जरूरत है। चुनाव के नतीजे सोमवार को ही घोषित किए गए थे।

कांग्रेस ने पांच सीटें जीती हैं

इसके अलावा कांग्रेस ने पांच सीटें जीती हैं, जबकि पट्टाली मक्कल काची (PMK) ने चार सीटें हासिल की हैं। CPI और CPI-M ने दो-दो सीटें जीती हैं। निवर्तमान सत्ताधारी पार्टी, द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) ने 59 सीटें जीती हैं, जबकि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (AIADMK) ने 47 सीटें जीती हैं।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सिर्फ एक सीट जीती है, और इसी तरह देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़गम (DMDK) और अम्मा मक्कल मुन्नेत्र कड़गम (AMMK) ने भी एक-एक सीट जीती है, जबकि VCK ने दो सीटें जीती हैं। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव DMK के साथ चुनाव-पूर्व गठबंधन में लड़ा था, जबकि BJP का गठबंधन AIADMK के साथ था।

यह भी पढ़ें- तमिलनाडु में ‘थलपति’ विजय की आंधी, धड़ाम से गिरा Sun TV का शेयर; समझिए क्या है पूरा कनेक्शन

By admin