• Mon. May 25th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

देश के कई हिस्सों में प्रचंड गर्मी:तेलंगाना के जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी; दिल्ली में बिजली की मांग बढ़ी – Imd Red Alert Heatwave Telangana Delhi Power Demand West Bengal Rain Rajasthan Weather Update

Byadmin

May 25, 2026


भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तेलंगाना के कई जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कहा कि सोमवार और मंगलवार को मुलुगु, खम्मम और आसपास के जिलों में भीषण गर्मी पड़ सकती है।

आईएमडी के मौसम केंद्र ने अगले सात दिनों के लिए जारी चेतावनी में कहा कि सोमवार को पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री कोठागुडेम और खम्मम जिलों के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है। विभाग ने यह भी कहा कि आदिलाबाद, निजामाबाद, हैदराबाद और अन्य जिलों में रात के समय भी गर्मी बनी रह सकती है।

विकाराबाद, संगारेड्डी, मेडक और अन्य जिलों में गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मंगलवार को भी जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री कोठागुडेम और खम्मम जिलों में लू का असर जारी रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने कहा कि 27 और 28 मई को भी कुछ इलाकों में लू चल सकती है।

राज्य के राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने 23 मई को कहा था कि इस गर्मी में राज्य में लू के कारण 16 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये की सहायता देगी।

पश्चिम बंगाल: भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना

पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को आज राहत मिल सकती है। आईएमडी ने गरज के साथ बारिश और आंधी का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने कहा कि गुरुवार से राज्य के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है।

पुरुलिया और पश्चिम बर्धमान जैसे जिलों में तेज गर्मी का असर देखा गया और तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। मौसम कार्यालय ने कहा कि अगले दो दिनों तक गर्मी बनी रहेगी। लेकिन उसके बाद बारिश और आंधी के कारण तापमान में कमी आ सकती है।

कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा, जिससे लोगों को परेशानी हुई। वहीं, उत्तर बंगाल के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। रायगंज में सबसे ज्यादा 74.8 मिमी बारिश हुई। कोलकाता में सोमवार को न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग ने शाम में कुछ इलाकों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है।

राजस्थान: श्रीगंगानगर सबसे गर्म स्थान

राजस्थान में भी भीषण गर्मी जारी है। पिछले 24 घंटों में श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के कई हिस्सों में लू, गर्म रातें और धूल भरी आंधियां देखने को मिलीं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी कि इस सप्ताह राज्य के कुछ इलाकों में भीषण लू चल सकती है और अगले दो-तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा।

पश्चिमी राजस्थान में 26 और 27 मई को तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कुछ जगहों पर गंभीर लू की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि 28 और 29 मई से पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और बारिश हो सकती है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है। विभाग ने कहा कि जून के पहले सप्ताह में भी आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

दिल्ली: मई महीने में अब तक की सबसे ज्यादा बिजली मांग दर्ज

भीषण गर्मी के बीच राजधानी दिल्ली में सोमवार को मई महीने में अब तक की सबसे ज्यादा बिजली मांग दर्ज की गई। राज्य विद्युत भार प्रेषण केंद्र के अनुसार,  दोपहर 3:35 बजे बिजली की मांग 8,439 मेगावाट तक पहुंच गई। पिछले छह दिनों में यह चौथी बार है, जब मांग 8,000 मेगावाट के पार गई।

ये भी पढ़ें: करवट लेने जा रहा मौसम: दिल्ली-NCR में अगले दो घंटे में बारिश के आसार, 20 से 40 किलोमीटर की गति से चलेगी हवा

अधिकारियों ने बताया कि पिछले साल मई में बिजली की मांग 8,000 मेगावाट से कम रही थी। दिल्ली में गर्मी बढ़ने के कारण इस महीने बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है। सोमवार को दिल्ली में मई की पिछले लगभग 14 वर्षों की सबसे गर्म रात दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.7 डिग्री ज्यादा था।

मौसम विभाग के अनुसार मई में इससे ज्यादा न्यूनतम तापमान आखिरी बार 26 मई 2012 को दर्ज किया गया था। सोमवार को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बिजली कंपनियों ने कहा कि उन्होंने बढ़ती मांग के बावजूद बिना किसी कटौती के बिजली आपूर्ति बनाए रखी।

By admin