• Wed. Aug 5th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

परिसीमन और FCRA विधेयक पर सबकी नजर, मानसूत्र सत्र में बढ़ेगा सत्ता-विपक्ष में गतिरोध

Byadmin

Aug 5, 2026


संजय मिश्र, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू के बीच छात्रों पर लाठीचार्ज तथा चढ़ावा चोरी मुद्दे पर संसद में कायम गतिरोध का हल निकालने पर हुई वार्ता में दोनों तरफ से उत्सुकता जरूर दिखाई गई, मगर ठोस फॉर्मूले पर सहमति अभी बाकी है।

लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने वाले परिसीमन विधेयक पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को टटोलने गए किरेन रिजीजू को राहुल गांधी ने बता दिया कि उनकी पार्टी का रुख बदला नहीं है। कांग्रेस ही नहीं,संपूर्ण विपक्ष मौजूदा स्वरूप में परिसीमन विधेयक के विरुद्ध है।

राहुल गुरुवार को इंडी गंठबंधन सहयोगियों के साथ करेंगे बैठक

पार्टी सूत्रों का कहना है कि सरकार के इरादों को भांपते हुए राहुल गुरुवार को इंडी गंठबंधन में अपने सहयोगी दलों के नेताओं से संयुक्त रणनीति पर चर्चा करेंगे। नेता प्रतिपक्ष से संसदीय कार्य मंत्री की मुलाकात के बाद ये भी अटकलें हैं कि परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए 13 अगस्त को खत्म होने वाले मानसून सत्र की बैठक कुछ पहले ही स्थगित कर स्वतंत्रता दिवस के बाद दोबारा बुलाई जा सकती है।

रिजीजू और राहुल की हुई मुलाकात

संसदीय कार्य मंत्री की नेता प्रतिपक्ष संग हुई लगभग 50 मिनट चली इस बैठक के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थीं। कुछ देर बाद कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल तथा लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई भी इसमें शामिल हो गए। वेणुगोपाल ने बताया कि रिजीजू सरकार का एजेंडा लेकर आए थे।

खबरें और भी

संसद में अमित शाह के बयान पर अड़ा विपक्ष

खुद इस बैठक में मौजूद रहे वेणुगोपाल के अनुसार, उन्होंने परिसीमन विधेयक को लेकर भी बात की, मगर हमारा रुख स्पष्ट है कि लोकसभा में इसके विरुद्ध समूचे विपक्ष ने वोट दिया था और हमारा रुख बदला नहीं है। हमारी मांगें और मुद्दे बिल्कुल स्पष्ट हैं- चढ़ावा चोरी घोटाले पर चर्चा और छात्रों पर हमले को लेकर गृह मंत्री अमित शाह का संसद में बयान।

बताते हैं कि रिजीजू ने FCRA बिल पर चर्चा के दौरान गृह मंत्री के बयान का प्रस्ताव दिया तो कांग्रेस नेतृत्व ने सभी विपक्षी दलों से मशविरा कर जवाब देने की बात कही। इसके मद्देनजर शुक्रवार को भी किरेन रिजीजू और राहुल गांधी के बीच मुलाकात की संभावना है। वेणुगोपाल ने साफ कहा कि मुलाकात के दौरान रिजिजू ने मौजूदा मानसून सत्र को बढ़ाने या कोई विशेष सत्र बुलाने जैसा कोई प्रस्ताव नहीं रखा।

रिजीजू की 10 दिनों में दूसरी बार राहुल गांधी से मुलाकात

किरेन रिजीजू ने पिछले 10 दिनों में दूसरी बार राहुल गांधी से मुलाकात की है। सूत्रों के अनुसार, बुधवार को मुलाकात से पूर्व किरेन रिजीजू ने मंगलवार रात राहुल गांधी से फोन पर भी बातचीत की थी। नेता प्रतिपक्ष के साथ रिजीजू की बैठक के बाद कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि एफसीआरए तथा परिसीमन विधेयक पर सरकार के इरादों को लेकर राहुल गुरुवार को विपक्षी नेताओं की सुबह होने वाली बैठक में बातचीत करेंगे।

साथ ही समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव तथा कुछ अन्य प्रमुख सहयोगी विपक्षी दलों के नेताओं से भी कांग्रेस नेतृत्व संयुक्त रणनीति के लिए चर्चा करेगा। जबकि इंडी से बाहर हो चुके द्रमुक से भी अनौपचारिक संपर्क-संवाद शुरू कर दिया गया है।

विपक्ष दलों को साथ रखने की कोशिश करेगी कांग्रेस

कांग्रेस का कहना है कि एमके स्टालिन ने अप्रैल में परिसीमन विधेयक को काला कानून बताया था, ऐसे में वह इस विधेयक का समर्थन करेंगे इसकी संभावना बहुत कम है। स्टालिन के करीबी सपा, वामदलों और तृणमूल कांग्रेस के जरिये विपक्षी खेमा द्रमुक को साधने की कोशिश करेगा।

उधर, रिजीजू भी अखिलेश यादव समेत विपक्ष के अन्य नेताओं से मिलने की योजना बना रहे हैं। सूत्रों ने यह भी बताया कि रिजीजू ने महिला आरक्षण विधेयक को फिर पेश करने के बारे में भी चर्चा की, लेकिन कांग्रेस नेता ने इस पर भी उन्हें कोई आश्वासन नहीं दिया।

 

 

By admin