डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रविवार को बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। पीएम मोदी के काफिले से गुजरने वाले रास्ते से संदिग्ध परिस्थितियों में दो जिलेटिन की छड़े बरामद कई गई। मामले की जांच जारी है, अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने इस मामले को अपने हाथ में ले लिया है।
दरअसल, पीएम मोदी के काफिले के रास्ते में जिलेटिन की छड़ियां मिलने के एक दिन बाद, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मामले को अपने हाथ में लिया है। “राष्ट्रीय जांच एजेंसी ( NIA) की एक टीम बेंगलुरु के बाहरी इलाके में उस स्थान की ओर रवाना हो रही है, जहां रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला गुजरने वाला था।”
हालांकि, इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जांच एजेंसियों ने दोषियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
स्थानीय पुलिस के अनुसार, प्रधानमंत्री के निर्धारित दौरे से लगभग 90 मिनट पहले, रविवार सुबह नाइस रोड जंक्शन से लगभग एक किलोमीटर दूर, थथागुनी, कग्गलीपुरा के पास जिलेटिन की दो स्टिक वाला एक पैकेट बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि तोड़फोड़ रोधी निरीक्षण में लगे एक कांस्टेबल ने इलाके पर नियंत्रण अभियान के तहत जिलेटिन की छड़ वाले इस पैकेट को देखा।
पैकेट सड़क किनारे से लगभग 25 फीट की दूरी पर एक कंपाउंड की दीवार के पास पड़ा था। सूचना मिलते ही, क्षेत्र नियंत्रण दल तुरंत मौके पर पहुंचा और जिलेटिन की दो छड़ियां बरामद कीं, जिलेटिन की छड़ियां विस्फोटक होती है, ऐसे में पुलिस ने तुरंत आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया।