• Thu. May 7th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

सोहराबुद्दीन एनकाउंटर केस में बॉम्बे हाई का फैसला, 22 आरोपियों को किया बरी

Byadmin

May 7, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बॉम्बे हाई कोर्ट ने गुरुवार को 2005 के गैंगस्टर सोहराबुद्दीन शेख के फेक एनकाउंटर मामले में अपना फैसला सुना दिया। कोर्ट ने अपने फैसले में सभी 22 आरोपियों की रिहाई को सही ठहराया है।

चीफ जस्टिस चंद्रशेखर और जस्टिस गौतम अंखड़ की बेंच ने शेख के भाइयों रुबाबुद्दीन और नयाबुद्दीन की अपीलें खारिज कर दीं। इन अपीलों में स्पेशल कोर्ट के दिसंबर 2018 के उस फैसले को चुनौती दी गई थी, जिसमें मामले के सभी आरोपियों को बरी कर दिया गया था।

22 में से 21 आरोपी पुलिस कर्मी

बरी किए गए 22 आरोपियों में से 21 गुजरात और राजस्थान पुलिस के जूनियर स्तर के अधिकारी थे। जिनपर आरोप था कि ये अधिकारी उन टीमों का हिस्सा थे, जिन्होंने इन तीनों का अपहरण किया था और बाद में उन्हें फर्जी एनकाउंटर में मार डाला था। बाकी बचा एक आरोपी गुजरात के एक फार्महाउस का मालिक था। जहां पर शेख और कौसर बी को मारे जाने से पहले गैर-कानूनी रूप से हिरासत में रखा गया था।

विशेष अदालत ने सभी आरोपियों को बरी करते हुए यह टिप्पणी की थी कि अभियोजन पक्ष यह साबित करने में नाकाम रहा कि शेख और अन्य लोगों की हत्या की कोई साजिश रची गई थी, और न ही यह साबित हो पाया कि मौजूदा आरोपियों की इसमें कोई भूमिका थी।

2019 में शेख के भाई पहुंचे हाई कोर्ट

अप्रैल 2019 में, शेख के भाइयों ने हाई कोर्ट में अपील दायर की थी। जांच एजेंसी, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पिछले साल हाई कोर्ट को बताया था कि उसने आरोपियों की रिहाई के फैसले को स्वीकार कर लिया है और वह इसके खिलाफ अपील नहीं करेगी।

हालांकि, शेख के भाइयों ने अप्रैल 2019 में हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। इसमें सोहराबुद्दीन के भाइयों ने दावा किया था कि मुकदमे की सुनवाई त्रुटिपूर्ण थी। उन्होंने ऐसे उदाहरणों का हवाला दिया था, जिनमें गवाहों ने बाद में दावा किया कि अधीनस्थ अदालत ने उनकी गवाही सही ढंग से दर्ज नहीं की थी। अपील में स्पेशल कोर्ट के फैसले को रद्द करने और मामले में दोबारा सुनवाई कराने का अनुरोध किया गया था।

बता दें कि CBI के अनुसार, शेख की हत्या 26 नवंबर, 2005 को कथित तौर पर गुजरात और राजस्थान पुलिस की एक संयुक्त टीम द्वारा की गई थी। इसके बाद कौसर बी की हत्या इस घटना के तीन दिन बाद हुई थी। वहीं, इसके एक साल बाद दिसंबर 2006 में इस मामले के अहम चश्मदीद माने जाने वाले प्रजापति को भी एक अन्य मुठभेड़ में मार दिया गया था।

By admin