• Sun. Aug 9th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

आंतरिक सुरक्षा के प्रहरी पुडुचेरी पुलिस को मिला प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति ध्वज’, अमित शाह ने किया प्रदान

Byadmin

Aug 9, 2026


डिजिटल डेस्क, पुडुचेरी। रविवार का दिन पुडुचेरी पुलिस के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया, जब केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आंतरिक सुरक्षा में उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन और असाधारण उपलब्धियों के लिए पुडुचेरी पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति ध्वज’ (प्रेसिडेंट्स कलर) से अलंकृत किया।

गोरीमेडु स्थित पुडुचेरी सशस्त्र पुलिस मैदान में आयोजित भव्य समारोह में गृह मंत्री ने पुलिस बल के जूनियर कमीशंन्ड आफिसर (जेसीओ) को यह प्रतिष्ठित ध्वज सौंपा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बीते आठ मई को इस सम्मान की घोषणा की थी।

‘राष्ट्रपति ध्वज’ किसी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की सैन्य इकाई या पुलिस बल को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। पूर्व में इस सम्मान से भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल और विभिन्न राज्यों के पुलिस विभागों को अलंकृत किया जा चुका है।

इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने पुलिस बल की सराहना करते हुए कहा कि लगभग पांच हजार कर्मियों वाली यह पुलिस फोर्स दक्षिण के अलग-अलग राज्यों – तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश (यानम) और केरलम (माहे) तक भौगोलिक रूप से फैले इस केंद्रशासित प्रदेश की सुरक्षा का जिम्मा पूरी निष्ठा से संभाल रही है।

एक अक्टूबर, 1963 को पुडुचेरी में पुलिस महानिदेशक के पद का सृजन हुआ और तब से लेकर आज तक पुडुचेरी पुलिस ने सीमांत क्षेत्र की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ किया है। शाह ने कोविड-19 महामारी के दौरान महिलाओं और बच्चों की सेवा में इस बल द्वारा किए गए विशेष प्रयासों को भी याद किया।

देश के बदलते कानूनी ढांचे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ब्रिटिशकालीन कानूनों को समाप्त कर बनाए गए नए आपराधिक कानून – भारतीय न्याय संहिता का उद्देश्य नागरिकों को त्वरित न्याय सुनिश्चित करना है। यह नए कानून ‘तकनीक, समयसीमा और विश्वास’ के तीन मजबूत स्तंभों पर आधारित हैं।

केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के तहत पिछले नौ वर्षों में पुडुचेरी में 39 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश और विकास कार्य किए गए हैं।

वर्ष 1950 से 2014 के बीच जहां इस क्षेत्र को लगभग 3,500 करोड़ रुपये का केंद्रीय अनुदान मिला था, वहीं राजग सरकार के कार्यकाल (2014-26) में यह राशि बढ़कर 13,762 करोड़ रुपये हो गई है। उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी, जलजीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना, शौचालय निर्माण, मुफ्त अन्न योजना, डीबीटी और पीएम आवास जैसी योजनाओं से लाखों नागरिक लाभान्वित हुए हैं।

पुडुचेरी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की प्रशंसा करते हुए शाह ने कहा कि लगभग 230 वर्षों तक फ्रांसीसी शासन के अधीन रहने के बाद भी इस भूमि ने अपनी ‘भारतीयता’ और आध्यात्मिक ऊर्जा को जीवंत रखा है। महर्षि अरविंद के आशीर्वाद से यह भूमि दक्षिण भारतीय संस्कृति और अध्यात्म का प्रतीक बनी है।

संख्या में कम होने के बावजूद भी पुडुचेरी पुलिस अपने शौर्य, सेवा और समर्पण के बल पर आध्यात्मिक धरोहर को संभाले हुए पुडुचेरी की सुरक्षा का दायित्व भी अच्छे से निभा रही है। पुडुचेरी भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है।

इस ऐतिहासिक समारोह के बाद गृह मंत्री ने पुडुचेरी में ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। समारोह में उपराज्यपाल के. कैलाशनथन, मुख्यमंत्री एन. रंगसामी और पुलिस महानिदेशक शालिनी सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

By admin