• Sun. Aug 9th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

दिन में सूर्यग्रहण, रात में गिरेंगे उल्कापिंड… खगोलीय इतिहास के लिए ऐतिहासिक होगा 12 अगस्त; 24 घंटे में होंगी 3 बड़ी घटनाएं

Byadmin

Aug 9, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 12 अगस्त, 2026 की तारीख दुनिया भर के खगोल विज्ञान के शौकीनों के लिए बेहद खास बनने जा रही है। इस एक दिन 24 घंटे की भीतर तीन बड़ी आसमानी घटनाएं एक साथ होंगी।

सुबह सूरज उगने से ठीक पहले छह ग्रहों की कतार दिखेगी, दिन में पूर्ण सूर्य ग्रहण लगेगा और रात में टूटे हुए तारों यानी पर्सिड उल्कापिंडों की आतिशबाजी होगी। खगोलविदों का कहना है कि इन तीनों घटनाओं का एक ही तारीख पर होना एक बहुत दुर्लभ संयोग है।

सुबह दिखेगी 6 ग्रहों की अनोखी कतार

12 अगस्त को सूरज निकलने से लगभग 30 से 60 मिनट पहले आसमान में छह ग्रह, बुध, मंगल, बृहस्पति, शनि, यूरेनस और नेपच्यून एक लाइन में फैले हुए दिखाई देंगे।

इनमें से मंगल, बृहस्पति और शनि को बिना किसी उपकरण के नंगी आंखों से देखा जा सकेगा, जबकि यूरेनस और नेपच्यून को देखने के लिए बाइनोकुलर्स या टेलिस्कोप की जरूरत पड़ेगी।

दिन में लगेगा यूरोप में पूर्ण सूर्य ग्रहण

दिन के समय एक बड़ा पूर्ण सूर्य ग्रहण देखने को मिलेगा। यह 1999 के बाद यूरोप के मुख्य इलाके से दिखने वाला पहला पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा। यह ग्रहण ग्रीनलैंड, आइसलैंड, उत्तरी स्पेन और पुर्तगाल के कुछ हिस्सों से गुजरेगा।

आइसलैंड के पास समुद्र में यह ग्रहण सबसे लंबे समय (लगभग 2 मिनट18 सेकंड) तक रहेगा। वहीं यूरोप के बाकी हिस्सों, कनाडा और उत्तरी अमेरिका में आंशिक सूर्य ग्रहण नजर आएगा।

वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि सूर्य ग्रहण को बिना सर्टिफाइड चश्मे (ISO 12312-2) के सीधे देखने से आंखों को हमेशा के लिए नुकसान पहुंच सकता है।

रात में होगी उल्कापिंडों की बारिश

अंधेरा होने के बाद पर्सिड उल्का बौछार अपने चरण पर होगी। चूंकि इस दिन सूर्य ग्रहण की वजह से अमावस्या होगी, इसलिए रात में चांद की रोशनी नहीं होगी और आसमान पूरी तरह अंधेरा रहेगा।

इस वजह से प्रति घंटे 100 तक चमकते हुए उल्कापिंड आसमान में साफ तैरते हुए दिखाई दे सकते हैं। सामान्य तौर पर ये तीनों खगोलीय घटनाएं अलग-अलग समय पर होती हैं, लेकिन 12 अगस्त 2026 को इनका एक साथ होना सालों में मिलने वाला एक बेहद अद्भुत मौका है।

By admin