डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वर्षा की उम्मीद लगाए लोगों के लिए राहत की खबर है। इस हफ्ते मानसून जोरदार वापसी करने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में बनने वाला कम दबाव का नया सिस्टम मानसून ट्रफ को वापस अपनी जगह पर ले आएगा, जिससे आगामी कुछ दिनों में हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी वर्षा होगी।
दिल्ली में भी सोमवार से बुधवार के बीच आंधी-तूफान और भारी वर्षा की संभावना है, जिससे दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा। इसरो के इनसेट-3डीआर की तस्वीरों से भी पता चलता है कि 19 जुलाई को देश का लगभग दो-तिहाई हिस्सा बादलों से ढका हुआ था।
भारत का लगभग 60-70 प्रतिशत हिस्सा बादलों से ढका
सेटेलाइट तस्वीरों में देश के ऊपर मानसून के बादलों की एक विशाल चादर दिखाई दे रही है, जो जम्मू-कश्मीर से लेकर गंगा के मैदानी इलाकों और पूर्वोत्तर तक फैली हुई है। 19 जुलाई को ली गई इन तस्वीरों के विश्लेषण से पता चलता है कि भारत का लगभग 60 से 70 प्रतिशत हिस्सा बादलों से ढका हुआ है। सबसे घने बादल पंजाब से उत्तर प्रदेश और बिहार होते हुए बंगाल और पूर्वोत्तर के ऊपर तक हैं।
दक्षिणी प्रायद्वीप के ऊपर भी बादलों की लंबी पट्टियां दिखाई दे रही हैं। पश्चिमी राजस्थान और तमिलनाडु के कुछ हिस्से तुलनात्मक रूप से साफ हैं। एएनआई के अनुसार, मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर-पश्चिम भारत में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
इन राज्यों का हाल भी जानिए
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बहुत अधिक वर्षा होने से अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में बड़े पैमाने पर वर्षा की संभावना है। पूर्वी भारत में भी सक्रिय मानसून का असर बना रहेगा।
बंगाल और सिक्किम में बहुत अधिक वर्षा का अनुमान है, जबकि बिहार, ओडिशा और झारखंड में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी वर्षा होने की संभावना है।
पश्चिमी भारत में कैसा रहेगा हाल
पश्चिमी भारत में कोंकण और गोवा में बड़े पैमाने पर वर्षा होने की उम्मीद है, जबकि गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में छिटपुट वर्षा हो सकती है। दक्षिण भारत में कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में बड़े पैमाने पर वर्षा होने की संभावना है, साथ ही कई इलाकों में आंधी-तूफान और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।