डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजस्थान के पाली में पत्नी को आईफोन-13 गिफ्ट करने के बाद उसकी किस्त न भर पाने पर एक 19 वर्षीय युवक चोर बन गया। उसने पड़ोस के घर से सोने-चांदी के गहने, होम थिएटर और नए कपड़े चुरा लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया
पाली के औद्योगिक थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर निवासी अरविंद कुमार ने 5 मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 4 मई को सुबह परिवार के साथ बाहर गए थे। लौटने पर पता चला कि घर में चोरी हो गई है। चोर ने 4 तोला सोना, चांदी के गहने, होम थिएटर और कपड़े समेत कुल करीब 6.50 लाख रुपये का सामान चुरा लिया था।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद महावीर (19) नामक युवक को हिरासत में लिया गया।
पत्नी को गिफ्ट और किस्त का बोझ
थाना प्रभारी निरमा विश्नोई ने बताया कि पूछताछ में महावीर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि करीब एक साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसकी पत्नी बार-बार आईफोन मांग रही थी। लगभग 6 महीने पहले उसने पत्नी को 65 हजार रुपये का आईफोन-13 लोन पर खरीदकर गिफ्ट किया।
हर महीने 7 हजार रुपये की किस्त आ रही थी। शुरुआत में किस्त भर दी, लेकिन बाद में आर्थिक तंगी के कारण परेशानी होने लगी। किस्त न चुकाने की चिंता में उसने चोरी का प्लान बनाया।
महावीर ने आगे बताया कि उसकी पत्नी को होम थिएटर और नए कपड़े भी बहुत पसंद थे। इसलिए उसने सोने-चांदी के गहनों के साथ होम थिएटर और कपड़े भी चुराकर ले गया।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी महावीर से चुराया सारा सामान बरामद कर लिया है। शुक्रवार को उसके मेडिकल करवाया गया और शनिवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।